रामगोपाल यादव ने किया मोदी और योगी पर बड़ा हमला, कहा पीएम मोदी हैं झूठों के सरदार
सपा महासचिव ने शिकोहाबाद में किया जेएस हॉस्टपीटल का उद्घाटन। राफेल डील पर घेरा केंद्र सरकार को तो प्रदेश सरकार पर भी लगाए आरोप।
आगरा(जेएनएन): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला करते हुए सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि पीएम झूठों के सरदार हैं। जनता को सिर्फ झूठे सपने दिखाते हैं और जमीनी स्तर से कोई भी वादे को पूरे नहीं करते।
सपा महासचिव बुधवार को फीरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में आए थे। यहां उन्होंने जेएस हॉस्टपीटल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम सभा को संबोधित करते हुए रामगोपाल ने राफेल सौदे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से डॉलर के मुकाबले रुपया बेहद कमजोर हो गया है। सपा नेता ने प्रदेश सरकार पर भी आरोपों के गोले दागे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी बिजली के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों का बखान करते हैं, जबकि उन्होंने बिजली के क्षेत्र में कोई नया काम नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा किये गए कामों का ही फिर से उद्घाटन किया जा रहा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। पुलिस प्रशासन का आतंक मचा हुआ है। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं और निर्दोष जेल जा रहे हैं। रामगोपाल के जुबानी हमले अभी यहीं नहीं रुके थे। अनुसूचित जाति और जनजातियों को छला जा रहा है। कानून सिर्फ दिखावे भर का है। हकीकत में आरक्षण खत्म करने की साजिश रची जा रही है। पेट्रोल- डीजल के दाम दिन प्रतिदिन आसमान छू रहे हैं। बढ़ते दामों के कारण किसानों का शोषण हो रहा है। गरीब और गरीब हो रहा है और उद्योगपतियों की जेबें भरती जा रही हैं।