बाबा रामदेव ने दिया बयान, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करे मोदी सरकार
मथुरा के महावन स्थित ब्रह्मांड घाट पर नित्य श्री यमुना आरती का किया उद्घाटन। संतों ने किया मांगों का समर्थन।
आगरा [जेएनएन]: लोकसभा चुनाव 2019 से पहले योग गुरु बाबा रामदेव ने बड़ा बयान देकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। बाबा रामदेव बुधवार को मथुरा के महावन स्थित ब्रह्मांड घाट पर नित्य श्री यमुना आरती का उद्घाटन करने आए थे। यहां हुए आयोजन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी राष्ट्रपिता हैं उसी प्रकार गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए यह मांग उठाई कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहलेे गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करें। इसके साथ ही उन्होंने गंगा और यमुना पवित्र नदियों को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि जीवनदायिनी ये पवित्र नदियां प्रदूषण का दंश झेल रही हैं। पापों का नाश करने वाली नदियां मैली हो चुकी है। यदि इन नदियों को देश की धरोहर
घोषित कर दिया जाएगा तो निश्चित रूप से इनकी स्वच्छता पर तेजी से कार्य होगा। आयोजन में मौजूद सभी संतों ने योग गुरु की दोनों मांगों का समर्थन किया। इस दौरान मंच पर शरणानंद महाराज, रमेश भाई ओझा, अवधेशानंद गिरी, राजेंद्र दास, चिन्मायनंद, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा आदि मौजूद रहे।