Ram Mandir Ayodhya: समाज स्वस्फूर्त हर्ष मनाए, इसलिए संग-संग चला संघ
Ram Mandir Ayodhya संघ के स्वयंसेवकों ने अपने घरों प्रतिष्ठानों पर दीप जलाए तो आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन आंदोलन के सूत्रधार आरएसएस और आंदोलन को धार देने वाले विहिप के लिए गौरवांवित करने वाला था तो समस्त हिंदू समाज के लिए हर्ष, उत्साह और उत्सव का दिन था। संघ ने अपनी ओर से किसी कार्यक्रम, आयोजन का कोई आह्वान नहीं किया था। सहयोगी संगठन विहिप ही पूरे देश में प्राचीन मंदिरों की मिट्टी जुटाने और पांच अगस्त को दीपोत्सव मनाने में जुटा था।
संघ के स्वयंसेवकों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर दीप जलाए तो आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। कुछ स्वयंसेवकों ने तो दीपक उपलब्ध कराए तो बस्तियों में भी वितरण किया। विभाग कार्यवाह पंकज खंडेलवाल ने बताया कि समग्र हिंदू समाज को संगठित करके राष्ट्र परम वैभव पर पहुंचे इसके लिए संघ जुटा है। अयोध्या में जन-जन के आराध्य श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला रखा जाना सर्व हिंदू समाज के लिए ऐतिहासिक दिन था। इसलिए समस्त समाज ने स्वस्फूर्त प्रेरणा से उत्सव मनाया। घरों को सजाया, आतिशबाजी की और दीप भी जलाए। आरएसएस की ओर से किसी भी तरह का आह्वान नहीं किया गया था। स्वयंसेवकों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर दीप जलाए और दूसरों को भी प्रेरित किया।
संघ प्रमुख ने कहा था, आपके जीवन काल में बनेगा मंदिर
आरएसएस के विभाग संघचालक हरीशंकर शर्मा के निवास पर वर्ष 2018 में आगरा प्रवास पर आए आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत भेंट करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने विभाग संघचालक के पिता 104वर्षीय चक्कखन लाल शर्मा से कुछ देर वार्ता भी की थी। पेशे से अध्यापक रहे चक्कखन लाल ने उनसे सवाल किया था कि राम मंदिर बनेगा कि नहीं बनेगा। संघ प्रमुख पहले मुस्कुराए और फिर कहा था कि निश्चित रूप से बनेगा। उन्होंने फिर पूछा कि कब तक बनेगा, तो संघ प्रमुख ने कहा कि आपके जीवन काल में ही बनेगा। बुधवार को अयोध्या में भव्य पूजन चल रहा था और वैदिक मंत्रोच्चारण हो रहे थे। इस सीधा प्रसारण टीवी पर देख रहे चक्कखन लाल ने कहा कि वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है। संघ प्रमुख के साथ ही हर रामभक्त और आंदोलन से जुड़ा व्यक्ति इसके लिए धन्यवाद के पात्र है।