Kisan Mahapanchayat: किरावली से राकेश टिकैत सरकार पर करेंगे प्रहार, महापंचायत की नहीं ली गई है अनुमति
Kisan Mahapanchayat दोपहर 12 बजे से प्रस्तावित है किसान महापंचायत माहौल न बिगड़े पुलिस हुई अलर्ट। किरावली के ओर आने वाले रास्तों पर बैरियर लगाए गए हैं। इस बीच हाईवे पर खुलने वाले विभिन्न गांवों के रास्ते पर भी पुलिस तैनात है।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत बुधवार को आगरा आ रहे हैं। वे किरावली में किसान महापंचायत के माध्यम से नए कृषि कानूनों और केंद्र सरकार पर प्रहार करेंगे। महापंचायत की अनुमति नहीं ली गई है, जिस कारण पुलिस अलर्ट हो गई है। किरावली के ओर आने वाले रास्तों पर बैरियर लगाए गए हैं। इस बीच हाईवे पर खुलने वाले विभिन्न गांवों के रास्ते पर भी पुलिस तैनात है। वहीं किसानों ने भी जुटना शुरू कर दिया है।
दोपहर 12 बजे किरावली के मोनी बाबा आश्रम स्थित मिनी ग्रामीण स्टेडियम से किसान नेता राकेश टिकैत किसानों को संबोधित करेंगे। भारतीय किसान यूनिनय ने कार्यक्रम को सफल बनाने को पूरी ताकत झोंक रखी है, तो संख्या बल जुटाने के लिए निरंतर संपर्क हुआ है। सुबह से ही गांव-गांव ट्रैक्टर तैयार होने लगे हैं और किसानों के जुटने की शुरुआत भी हो गई है। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान और मंडल अध्यक्ष गजेंद्र परिहार ने संयुक्त रूप से कहा कि महापंचायत में आगरा ही नहीं, आसपास के जिलों के किसान भी सहभागिता करेंगे। पुलिस प्रशासन के साथ सामंजस्य बनाकर कार्य किया जाएगा। अगर आने वाले किसानों को रोका तो प्रशासन को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने बताया कि मंच पर राकेश टिकैत के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व ही बैठेगा। अन्य लोग सामने मैदान में बैठेंगे। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सावित्री चाहर ने कहा कि महापंचायत में महिलाओं की भी भागीदारी रहेगी। वहीं सीओ अछनेरा महेश कुमार और इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक ने ग्रामीणों के साथ मंगलवार को बैठक कर स्पष्ट कर दिया कि महापंचायत की अनुमति नहीं ली गई है। माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।