सपने में बोले श्री कृष्ण मथुरा से चुनाव लड़ें सीएम योगी, भाजपा सांसद को आया सपना
राज्यसभा सदस्य (सांसद) हरनाथ सिंह यादव ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखा पत्र। कहा ब्रज के कण-कण की यही मांग प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने भी किया समर्थन। रनाथ सिंह यादव सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी खुली चुनौती दी है।
आगरा, जागरण टीम। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कृष्ण जन्मभूमि मथुरा के मुद्दे को हवा दे रही भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने अब वहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने की मांग उठाई है। राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने भगवान कृष्ण द्वारा स्वप्न में आकर यह प्रेरणा देने की बात कह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। राज्यसभा सदस्य का कहना है कि ब्रज क्षेत्र का कण-कण चाहता है कि योगी मथुरा से ही विधानसभा चुनाव लड़ें। मैनपुरी के भोगांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने भी इस मांग का समर्थन किया है।
पिछले दिनों चुनावी सभाओं में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि पार्टी जहां से कहेगी, वह वहीं से विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार है। सोमवार सुबह भाजपा के राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में राज्यसभा सदस्य ने मांग की है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा से विधानसभा चुनाव लड़ाया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में भारी प्रतिष्ठा अर्जित की है। प्रदेश वासियों के चिंतन की धारा ही बदल दी है। वैसे तो प्रदेश की हर विधानसभा के मतदाता चाहते हैं कि योगीजी उनके यहां से चुनाव लड़ें, परंतु ब्रजक्षेत्र की जनता की विशेष इच्छा है कि योगीजी भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा से चुनाव लड़ें। राज्यसभा सदस्य ने लिखा है कि वह भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणा से ही यह पत्र भेज रहे हैं।
मामले में राज्यसभा सदस्य ने जागरण को बताया कि रविवार रात को सोने से पहले वह टेलिविजन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान सुन रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, वहीं से चुनाव लड़ूंगा। इसके बाद रात में दो बार भगवान श्रीकृष्ण उनके स्वप्न में आए और कहा कि सो क्यों रहे हो जाग जाओ। मुख्यमंत्री से कहो कि वह मेरी जन्मभूमि से चुनाव लडें। इसके बाद मैंने सुबह ही सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र भेजा है।
इस संबंध में कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्यसभा सदस्य ने पत्र लिखकर ब्रजक्षेत्र वासियों की भावनाओं का पहुंचाया है। मुख्यमंत्री मथुरा से चुनाव लड़ें, इसका हम समर्थन करते हैं। मथुरा की जनता उनको भारी बहुमत से विजयी बनाकर विधानसभा भेजेगी।
सपा मुखिया को खुली चुनौती
राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी खुली चुनौती दी है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखते हैं तो सार्वजनिक मंच से कहें कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मुक्त होनी चाहिए और वहां से मस्जिद हटनी चाहिए।