Abhishek Bacchan: दसवीं फिल्म में अभिषेक बच्चन के साथ नजर आएंगे ताजनगरी के राज
आगरा में शूट की गई फिल्म दसवीं में अभिषेक बच्चन के साथ ताजनगरी के कलाकार विजय नगर कालोनी नगला धनी निवासी राज चौधरी भी नजर आएंगे। उन्होंने फिल्म में अभिषेक के साथ कैदी की दमदार भूमिका निभाई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। पिछले दिनों अभिषेक बच्चन और यामी गौतम अभिनीत फिल्म दसवीं की आगरा में शूटिंग हुई। आगरा की सेंट्रल जेल में फिल्म की अधिकांश शूटिंग हुई। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन को कैदी दिखाया गया है। फिल्म में अभिषेक बच्चन के साथ ताजनगरी के कलाकार विजय नगर कालोनी नगला धनी निवासी राज चौधरी भी नजर आएंगे। उन्होंने फिल्म में अभिषेक के साथ कैदी की भूमिका निभाई है।
नगला धनी निवासी राज ने बताया कि पिछले साल नवंबर में उन्हें पता चला कि आगरा में अभिषेक बच्चन की फिल्म की शूटिंग होने के लिए स्थानीय कलाकार चाहिए। उन्होंने ताजगंज स्थित एक होटल में आडिशन दिया। जनवरी में उनके पास मुंबई से काल आया कि उन्हें फिल्म में सहायक कलाकार के लिए चुन लिया गया है। 22 फरवरी से शूटिंग शुरू होगी। राज ने बताया कि उनका 25 फरवरी से उन्हें शूटिंग में शामिल किया गया। फिल्म में वो अभिषेक बच्चन के साथ कैदी की भूमिका में है। करीब 15 दिन तक उन्होंने अभिषेक के साथ काम किया। फिल्म में उनके कई सीन हैं। उन्होंने बताया कि जब अभिषेक दसवीं पास करते हैं तो उसकी खुशी में जेल में जश्न होता है, इस जश्न के सीन सहित व कई जगह अभिषेक बच्चन के साथ नजर आएंगे। फिल्म में उनके डायलाग भी हैं। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान अभिषेक बच्चन का व्यवहार बहुत अच्छा रहा। वो शूटिंग पर काफी हंसी मजाक करते थे। इससे पहले भी वह कई कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उन्हें फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।