Move to Jagran APP

आगरा पुलिस की सख्ती पर सवाल, शहरभर में चेकिंग फिर भी निकल गए बदमाश

तीन दिन रेकी कर रहे थे बदमाश घटना से तीन घंटे पहले पहुंचे। पुलिस को घटना में करीबी के शामिल होने की आशंका। सदर क्षेत्र में रोहता में साईं नाथ एक्सप्रेस कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से दो सौ किलोग्राम चांदी लूट की वारदात रेकी के बाद हुई थी।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Thu, 20 Jan 2022 09:34 AM (IST)Updated: Thu, 20 Jan 2022 09:34 AM (IST)
आगरा पुलिस की सख्ती पर सवाल, शहरभर में चेकिंग फिर भी निकल गए बदमाश
चांदी लूट के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। विधान सभा चुनाव के चलते दूसरे राज्यों की सीमा पर पुलिस की सतर्कता और सख्ती थी। शहर में पुलिस चेकिंग कर रही थी। हर दिन इसी चेकिंग में पुलिस शराब तस्कर और हथियारों के तस्कर पकड़े जा रहे हैं। मगर, मंगलवार को कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से दो सौ किलोग्राम चांदी और एक लाख रुपये की लूट हुई तो न चेकिंग काम आई और न ही सीमा पर सख्ती।बदमाश आसानी से घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस घटना में करीबी के शामिल होने की आशंका जता रही है।

prime article banner

सदर क्षेत्र में रोहता में साईं नाथ एक्सप्रेस कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से दो सौ किलोग्राम चांदी लूट की वारदात रेकी के बाद हुई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बदमाश तीन दिन से रेकी कर रहे थे। बदमाशों की कार क्षेत्र में घटना से करीब तीन घंटे पहले से क्षेत्र में दिख रही थी। विधान सभा चुनाव के चलते पुलिस कैश, शराब तस्करी व अवैध असलाह की तस्करी रोकने को चेकिंग कर रही है। कुछ टीम सादा कपड़ों में भी रहती हैं।बदमाशों को यह जानकारी थी। उन्होंने ने इसलिए अलग अंदाज में वारदात की। उन्होंने कोई गोली नहीं चलाई। किसी को लहूलुहान नहीं किया। आए गाड़ी रुकवाई। डराया और चांदी लेकर भाग गए। कोरियर कंपनी की गाड़ी की चाबी पहले ही निकाल ली थी। ताकि कोई पीछा नहीं कर सके। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया दो कर्मचारी चांदी लेकर जा रहे थे। सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं थे। बदमाशों ने जब गाड़ी रोकी तब राहगीर आ गए थे। कर्मचारियों ने ज्यादा कोई विरोध नहीं किया। इसलिए राहगीरों ने भी घटना को गंभीरता से नहीं लिया। इस घटना में कोरियर कंपनी के ही किसी कर्मचारी की भूमिका हो सकती है। क्योंकि बदमाशों को कार और उसमें ले जाई जा रही चांदी की जानकारी थी।

10-12 सराफा व्यापारियों की थी चांदी

काेरियर कंपनी के मालिक ने पुलिस को बताया कि लूटी गई चांदी 10-12 कर्मचारियों की थी। अहमदाबाद से उनके गोदाम में आई थी। आफिस से सभी के प्रतिष्ठानों पर पहुंचाई जाती, इससे पहले ही चांदी लूट ली गई। यह चांदी बीमित भी थी।

पहले दी मैनेजर को सूचना

कोरियर कंपनी के कर्मचारी ने पहले घटना के बाद सुबह 11.32 बजे मैनेजर विष्णु को पहली काल की। इसके बाद 11.41 बजे दूसरे कर्मचारी शंभु को घटना की जानकारी दी। 11.58 बजे पुलिस को यूपी 112 पर काल करके घटना की सूचना दी।

ढाई वर्ष पहले कोरियर कंपनी कर्मियों से लूटी थी 265 किलाेग्राम चांदी

29 अप्रैल 2019 में साईं नाथ एक्सप्रेस कोरियर कंपनी के कर्मचारी महेश शर्मा और बंटी 265 किलोग्राम चांदी लेकर गोदाम से मथुरा जा रहे थे। दक्षिणी बाइपास पर खड़वाई नहर के बाद बाइक सवार बदमाशों ने 265 किलोग्राम चांदी लूट ली थी।बदमाशों ने गाड़ी में पत्थर मारकर तोड़फोड़ भी की थी। पुलिस ने शुरुआत में उस घटना को भी संदिग्ध माना था। घंटों कर्मचारियों से कुकथला पुलिस चौकी में पूछताछ की गई। इसके बाद सिकंदरा थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था। मगर, घटना के सात दिन बाद पुलिस ने घटना में शामिल मथुरा के नेरा निवासी अजय को मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर 120 किलोग्राम चांदी बरामद कर ली। उसके छह और साथी भी पकड़े गए।घटना के समय पुलिस लूट का मुकदमा लिखने से पहले तमाम सवाल उठा रही थी, लेकिन पर्दाफाश के बाद डकैती की धारा बढ़ा दी गई। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.