Suicide: ताजनगरी में फ्लैट में फंदे से लटकी मिलींं महिला चिकित्सक, हालत बनी हुई नाजुक
Suicide वरिष्ठ चिकित्सक एससी अग्रवाल की बहू हैं डॉक्टर दीप्ति। पति ने कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे से नीचे उतारा भर्ती कराया।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एससी अग्रवाल की पुत्रवधू डॉ. दीप्ति सोमवार को अपने फ्लैट में फंदे से लटकी मिली। पति डॉ. सुमित अग्रवाल ने दरवाजा तोड़कर फंदे से नीचे उतारा। गंभीर हालत में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खुदकशी की कोशिश का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
प्रतापपुरा निवासी डॉ. एससी अग्रवाल के छोटे बेटे डॉ. सुमित अग्रवाल अपनी पत्नी डॉ. दीप्ति और दो वर्षीय बेटी इनाया के साथ ताजगंज क्षेत्र के विभव नगर स्थित विभव वैली व्यू अपार्टमेंट में रहते हैं। इंस्पेक्टर ताजगंज नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी शाम करीब छह बजे हुई। डॉक्टर सुमित एक केस के लिए अपने पिता के नर्सिंग होम में आए हुए थे। फ्लैट में डॉ. दीप्ति, नौकरानी विमला और बेटी इनाया थीं। शाम साढ़े पांच बजे बाद डाॅ. सुमित पहुंच। नौकरानी विमला ने दरवाजा खोला। उन्होंने उससे पूछा कि दीप्ति कहां है। नौकरानी ने बताया कि भाभीजी अपने कमरे में है। डॉक्टर सुमित ने पत्नी के कमरे का दरवाजा खटखटाया। वह अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार पत्नी को आवाज दी। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो वह घबरा गए। खिड़की से देखा तो पत्नी फंदे पर लटकी हुई थीं। डॉक्टर सुमित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। पत्नी को फंदे से नीचे उतारा। उन्हें अपने मुंह से ऑक्सीजन दी। हार्ट को पंप किया। इसके बाद घरवालों को सूचना दी। दीप्ति को वे सीधे अपने प्रताप पुरा स्थित नर्सिंग होम ले गए। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। इंस्पेक्टर ताजगंज प्रतापपुरा स्थित डॉक्टर एससी अग्रवाल के नर्सिंग होम पहुंचे। घरवालों ने भी पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने आत्मघाती कदम क्यों उठाया? इस सवाल का जवाब फिलहाल पुलिस को नहीं मिला है।
छह वर्ष पहले हुई है शादी
डॉक्टर सुमित हृदय रोग विशेषज्ञ हैं। उनकी शादी वर्ष 2014 में डॉ. दीप्ति से हुई थी। दीप्ति एनेस्थीसिया की डॉक्टर हैं। उनका मायका कोसी में है। शाम को उनके मायके वालों को भी सूचना दे दी गई। रात को दीप्ति की मां कोसी से यहां पहुंच गईं। देर रात दीप्ति के पिता व अन्य स्वजनों के आने का इंतजार हो रहा था। अभी तक पुलिस से किसी ने काेई शिकायत नहीं की है।
साढ़े तीन बजे हॉस्पिटल से गई थीं
डॉ. दीप्ति सोमवार दोपहर को अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डीवी शर्मा के हॉस्पिटल में एनेस्थीसिया देने गई थीँ। यहां से 3.30 बजे वे अपने घर गई हैं। उस समय पति भी घर पर नहीं थे। इसके बाद भी घर में ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने यह कदम उठाया?
शहर के डॉक्टर पहुंचे
शहर के नामचीन डॉक्टर की पुत्रवधू की खुदकशी की कोशिश की जानकारी होने के बाद शहर के चिकित्सक पहुंच गए। काेई यह नहीं समझ पा रहा था कि आखिर दीप्ति ने यह कदम क्यों उठाया?
वजह जानने की कोशिश करेगी पुलिस
डॉ. दीप्ति अग्रवाल के इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे फिलहाल पुलिस को कोई खास वजह नजर नहीं आ रही है। पुलिस अब उस फ्लैट में छानबीन करेगी, जहां डॉ. दीप्ति ने आत्मघाती कदम उठाया। शायद ऐसा करने से पहले उन्होंने कोई नोट लिखा हो। या फिर कोई ऐसा क्लू भी वहां मिल सकता है, जिससे घटना पर प्रकाश पड़े। नौकरानी से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। क्योंकि घटना के समय वह डॉक्टर की बेटी के साथ दूसरे कमरे में थी। फिलहाल फ्लैट बंद है।
इन सवालों के जवाब ढूंढ़ रही पुलिस
- पारिवारिक कारणों से पति-पत्नी परिवार से अलग मयूर अपार्टमेंट में रहते हैं। जबकि डॉ. सुमित के बड़े भाई और भाभी माता-पिता के साथ पुराने आवास में रहते हैं। डा. सुमित और डा. दीप्ति परिवार से अलग रहने के लिए क्यों गए?
- क्या परिवार में ऐसा कोई विवाद था जिससे वह अलग रहने गए?
- दीप्ति और दीप्ति घर से गई थीं। दोपहर तीन बजे तक वे ऑपरेशन थियेटर में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के तौर पर मौजूद थीं। साथ में रहे डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें कोई तनाव नजर नहीं आ रहा था।
- घर जाकर ऐसा क्या हुआ जो उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया?
- क्या परिवार में किसी से डॉ. दीप्ति की कोई बात हुई? जो दीप्ति को बुरी लगी हो।