Trump के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू, 24 को आ सकते हैं ताज के दीदार को Agra News
ताजमहल के अलावा कलाकृति भी जा सकते हैं ट्रंप। लखनऊ में शुक्रवार शाम को उच्चस्तरीय बैठक। आगरा के कमिश्नर होंगे शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मोहब्बत की निशानी के दीदार के लिए 24 फरवरी को ताजनगरी आ सकते हैं। यहां वे करीब दो घंटे रुकेंगे। इस दौरान वे ताज के भ्रमण के साथ ही कलाकृति में लाइट एंड साउंड शो भी देखेंगे। ट्रप के आगरा दौरे के लिए तैयारियां शुरु हो गई हैं। शुक्रवार शाम को लखनऊ में होने जा रही उच्चस्तरीय बैठक के लिए आगरा से कमिश्नर को बुला लिया गया है। हालाकि अभी पुलिस विभाग के पास कोई अधिकारिक सूचना नहीं आई है लेकिन कमिश्नर के बुलावे को देखते हुए ट्रप के आगरा दौरे की संभावना तेज हो गई है।
विश्व के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति डोलाल्ड ट्रंप 22 फरवरी से शुरू हो रही अपनी भारत यात्रा की शुरूआत गुजरात से करने जा रहे हैं। अमेरिका में हुए हाउडी मोदी की तर्ज पर गुजरात के अहमदबाद शहर में बने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख लोगों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का भव्य स्वागत करेंगे। भारत दौरे के दौरान 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति की आगरा यात्रा भी संभावित है। इसे देखते हुए ही शुक्रवार शाम को लखनऊ में होने जा रही बैठक के लिए कमिश्नर अनिल कुमार भी शामिल होंगे। ट्रप ताज के साथ कलाकृति में लाइट एंड साउंड शो भी देखने जा सकते हैं, इस संभावना को देखते हुए कलाकृति में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अन्य जिलों से फोर्स भी मंगाया जा रहा है। इस दौरान ताज महोत्सव भी होने के कारण अधिकारियों के लिए ट्रंप का दौरा बेहद अहम है। राष्ट्रपति ट्रप के दौरे को देखते हुए विगत माह अमेरिका से आई एडवांस टीम ने आगरा एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के रास्ते में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। टीम ने ताज परिसर और होटल में भी इंतजामों की जानकारी ली थी।
48 सदस्यीय टीम ने करीब पांच घंटे आगरा में रुकने के दौरान पं. दीनदयाल एयरपोर्ट (खेरिया) से लेकर ताजमहल तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। इससे पहले एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन मंत्रणा भी चली थी। राष्ट्रपति ट्रंप का विमान कहां उतरेगा? उनकी निकासी किस रास्ते से होगी? एयरपोर्ट से ताजमहल तक की दूरी? इन सवालों पर बातचीत हुई थी। इसके बाद शिल्पग्राम से लेकर ताजमहल तक का टीम ने पैदल निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा के मद्देनजर कमजोर बिंदुओं को परखा। साथ ही होटल अमर विलास का भी एडवांस टीम ने निरीक्षण किया था।
अहम है ट्रप का भारत दौरा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत आना इसलिए भी खास है क्योंकि इसी वर्ष के अंत तक अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। ऐसे में वहां बसे भारतीय ट्रंप की जीत की राह आसान बना सकते हैं। यहां पर साउथ एशियन एडवोकेसी ग्रुप के आंकड़े काफी दिलचस्प हैं। इसके मुताबिक वर्ष 2019 में भारतीय मूल के लोगों की संख्या अमेरिका में करीब 38 फीसद तक बढ़ी है। 2010 में यहां पर भारतीयों की कुल जनसंख्या करीब 31,83,063 थी जो 2017 में यह बढ़कर 44,02,363 हो गई थी। यहां पर बसने वालों में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लोग अधिक हैं। इसके बाद में गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु, केरल आता है।