Swachh Bharat Mission: आगरा मंडल के गांवों में स्वच्छता अभियान के अगले चरण की तैयारी
गांवों में क्या-क्या मूलभूत जरूरतें हैं सर्वेक्षण के आधार पर इसकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जिले की सभी 695 ग्राम पंचायतों ने अपने क्षेत्र की जानकारी आनलाइन फीड कर दी हैं। नये ग्राम प्रधान चुनकर आएंगे उनकी संस्तुति के आधार पर जरूरत के हिसाब से धनराशि जारी की जाएगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। घर-घर शौचालय और सामुदायिक शौचालय के बाद स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अब स्वच्छता के अगले अभियान की तैयारी की जा रही है। इसके तहत गांवों में क्या-क्या मूलभूत जरूरतें हैं, सर्वेक्षण के आधार पर इसकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जिले की सभी 695 ग्राम पंचायतों ने अपने क्षेत्र की जानकारी आनलाइन फीड कर दी हैं। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक गौरव शर्मा के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन का यह अभियान 2024-25 तक चलेगा। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जो नये ग्राम प्रधान चुनकर आएंगे, उनकी संस्तुति के आधार पर जरूरत के हिसाब से धनराशि जारी की जाएगी। किसी को कूड़ा प्रबंधन तो किसी को जलभराव की समस्या के समाधान के लिए धनराशि दी जाएगी। ग्राम पंचायतों ने जो आनलाइन जानकारी फीड की है, उसी के अनुसार उनकी जरूरत की वरियता तय की जाएगी।
ये जुटाई जा रही जानकारी
. गांव में कितने परिवार हैं। कुल कितनी जनसंख्या है। मार्च 2020 के बाद कितने नये परिवार बढ़े।
. ठोस कूड़ा कितना निकलता है। जैविक और अजैविक कूड़ा कितना होता है।
. कितने घरों में डस्टबिन रखे हुए हैं। कितना कूड़ा हर रोज निकलता है।
. गांव में जलभराव की क्या स्थिति है। कितनी जगहों पर जलभराव होता है।
संस्थागत व्यवस्थाओं की जानकारी
. स्कूल, शौचालय हैं या नहीं। यदि हैं तो क्या है स्थिति।
. आंगनबाड़ी, पंचायतघर, सामुदायिक शौचालय हैं या नहीं। हैं तो क्या है स्थिति।
. कूड़ा प्रबंधन को लेकर क्या-क्या संसाधन हैं। नियमित कूड़ा उठता है या नहीं।