जगत जलंदा रख ले अपनी कृपा धार..
गुरु अमरदास के प्रकाश पर्व पर कोरोना से मुक्ति को अरदास
आगरा, जागरण संवाददाता। गुरु अमरदास का प्रकाश पर्व मंगलवार को गुरु नानक नामलेवा साध संगत ने बड़ी खुशियों और उल्लास के साथ मनाया। गुरु रामदास सिख धर्म के तीसरे गुरु थे। गुरु अमरदास के शबद 'जगत जलंदा रख ले अपनी कृपा धार..' का गायन कर कोरोना से मुक्ति की अरदास की गई।
सुखमनी सेवा सभा ने कीर्तन दरबार का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया। वीर महेंद्र पाल सिंह व उनके साथियों ने गुरु अमरदास की वडयाई में शबद 'भले अमरदास गुण तेरे तेरी उपमा तोहे बन आवे..' का गायन किया। उन्होंने कहा कि बारिश की बूंदों की गिनती की जा सकती है। बसंत में खिले फूलों की गिनती हो सकती है। सागर में लहरों की गिनती की जा सकती है, लेकिन गुरु अमरदास पातशाह तेरे कितने गुण हैं, इसकी गिनती कोई नहीं कर सकता। उन्होंने गुरु अमरदास पातशाह द्वारा उच्चारित बानी 'सतगुर की सेवा सफल है जे को करे चित लाए..' सुनाया। अंत में कोरोना से मुक्ति को अरदास की गई। विशेष सहयोग गुरमीत सिंह सेठी, जगमीत सिंह गुलाटी, अशोक अरोड़ा, संजय जटाना, बंटी ग्रोवर का रहा। इस दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं ने भी संगत के शबद कीर्तन का लाभ उठाया। सुखमनी साहिब का पाठ हुआ
आगरा: गुरुद्वारा दशमेश दरबार विभव नगर शहीद नगर में गुरु अमरदास के प्रकाश पर्व पर सुखमनी साहिब का पाठ ऐसे परिवारों के लिए किया गया, जिन्होंने कोरोना काल में अपनों को खोया है। गुरु ग्रंथ साहिब के आगे ज्ञानी मंशा सिंह ने सभी के भले की अरदास की। रवींद्र सिंह ओबराय, देव कुमार, लवली सिंह, रिकू सिंह, त्रिलोचन सिंह, लवली सिंह, हर्षिल भोजवानी मौजूद रहे।