आलू की फसल पर मंडरा रहा झुलसा का खतरा, अलर्ट हुआ जारी
कोहरा गेहूं की फसल के लिए तो रहेगा लाभदायक लेकिन आलू को पहुंचाएगा नुकसान। बरतें सावधानी।
आगरा, जेएनएन। ब्रज मंडल आलू उत्पादक क्षेत्र है। इस साल भी किसानों ने बड़े पैमाने पर फसल बोई है। लेकिन जिस तरह से सर्दी बढ़ रही है, उसमें आलू की फसल में झुलसा रोग लगने की आशंका बढ़ गई है। वहीं कोहरे का कहर बढ़ता जा रहा है। जहां कोहरे से गेहूं की फसल को फायदा हो रहा है, वहीं आलू झुलसा रोग की चपेट में आ गई है।
पहले ही आलू की मार से परेशान किसान अब कोहरे से चिंतित हैं। झुलसा से उत्पादन कम होने की आशंका है। किसानों की मानें तो सर्दी बढऩे व कोहरा पडऩे से गेहूं की फसल का झाड़ बढ़ेगा और दूसरी तरफ आलू की पैदावार कम होगी। अभी तो आलू में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। यदि इसी तरह कोहरा जारी रहा तो आलू की फसल खराब हो जाएगी।
ऐसे रोकें बर्बादी
जिला कृषि अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि बीमारियों से बचाने के लिए फसलों की हल्की सिंचाई करें। लाही की फसलों के पास रात में धुंआ किया जा सकता है, जो कोहरे के असर को कम करता है। ओस होने पर खाद का छिड़काव न करें। रोग नजर आने पर दवा का इस्तेमाल जल्दी करें।