Mainpuri Panchayat Election: मैनपुरी में सुबह से ही मतदान एक्सप्रेस ने पकड़ी रफ्तार
मैनपुरी में सोमवार को 2085 बूथों पर 12.20 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग। बूथों के बाहर सुबह से ही लग गई है लाइन। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गर्मी के चलते ज्यादातर लोग सुबह ही कर आना चाहते हैं मतदान।
आगरा, जेएनएन। जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायत सदस्य के साथ ही ग्राम प्रधान पदों के लिए मैनपुरी में सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। वोट देने के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह नजर आया। तय समय से पहले ही तमाम मतदाता लाइनों में लग गए। सुबह से ही मतदान एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली। अधिकांश बूथों में कोरोना बंदिशाें के पालन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिले के 2085 बूथों पर शाम छह बजे तक मतदान होगा। कुल 12.20 लाख वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सभी बूथों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लाइन में लगने के बाद ही वोटरों को बूथ के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अविनाश पांडे और सीडीओ ईशा प्रिया ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया, जबकि प्रेक्षक अनिल कुमार यादव ने कई बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, कमियां मिलने पर सुधार को कहा।
फैक्ट फाइल
- जिला पंचायत सदस्य के कुल 30 पदों के लिए 367 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- जिले में प्रधान के कुल पद 549, 4850 प्रत्याशी मैदान में हैं ।
- जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 761 है, पांच निर्विरोध चुने जा चुके हैं । अब 3417 प्रत्याशी मैदान में है।
- जिले में ग्राम पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 6965 है। करीब पांच सौ से अधिक निर्विरोध चुने जा चुके हैं । अब 3311 प्रत्याशी मैदान में हैं।