MLC Election: आगरा मंडी समिति से एमएलसी चुनाव को पोलिंग पार्टियां होने लगी रवाना, मतदान कल
एमएलसी चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज। मंडी समिति के बाहर रौनक। रविवार तीसरे पहर पांच बजे थम गया था चुनाव प्रचार। मंडलायुक्त और प्रेक्षकों ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा। कुल 84 पोलिंग पार्टियां हो रही हैं रवाना।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) का चुनाव एक दिसंबर को है। सोमवार को सुबह फीरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना होने लगी हैं। मंडी समिति के बाहर अच्छी खासी रौनक है। मतदान एजेंटों को मतदान सामग्री देकर रवाना किया जा रहा है। मंडी समिति फीरोजाबाद रोड से सोमवार को 84 पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हो रही हैं। इसके लिए 28 वाहनों का प्रयोग किया गया है। मंगलवार सुबह आठ से तीसरे पहर पांच बजे तक मतदान होगा। आगरा सहित 12 जिलों की सभी मतपेटिकाएं मंडी समिति में स्ट्रांग रूम में जमा होंगी। वहीं मंडलायुक्त अनिल कुमार और प्रेक्षक पी. गुरु प्रसाद और नीना शर्मा ने कमिश्नरी में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। शांतिपूर्व और निष्पक्ष चुनाव कराने के आदेश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे सभी अफसरों और कर्मचारियों को मंडी समिति में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। एमएलसी चुनाव में स्नातक में 22 और शिक्षक में 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सात बने हैं स्ट्रांग रूम
मंडी समिति मेें सात स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। पांच स्नातक के और दो शिक्षक के हैं। मंडी परिसर में डेढ़ दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पीएसी और पुलिस करेगी।
एमएलसी चुनाव एक नजर में
- जिले को 11 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। चुनाव में 400 कार्मिक लगाए गए हैं।
- स्नातक के 28213 वोटर हैं जिसमें 17692 पुरुष और 10521 महिला वोटर हैं। 56 बूथ हैं।
- शिक्षक में 7920 वोटर हैं जिसमें 4339 पुरुष और 3581 महिला वोटर हैं। 28 बूथ हैं।
- मतदान के नौ विकल्प हैं। इसमें प्रमुख रूप से वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, परिचय पत्र शामिल है।
आज बंद रहेंगी शराब की दुकानें
रविवार शाम पांच बजे जिले की सभी शराब और भांग की दुकानें बंद हो गईं। सोमवार को भी दुकानें बंद रहेंगी।