आत्महत्या करने जा रही महिला को पुलिस ने बचाया, पति पर कार्रवाई
यमुना एक्सप्रेस वे पर अचानक बेहोश हो गई थी महिला पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
जेएनएन, आगरा। पति से झगड़े के बाद आत्महत्या करने जा रही महिला को पुलिस ने बचा लिया। यमुना एक्सप्रेस वे पर पहुंची महिला अचानक बेहोश हो गई। पुलिस ने उसे सहारा दिया। उसके पति के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। खंदौली के एक्सप्रेस के सहारे बसे गांव धौरऊ निवासी 30 वर्षीय राखी रविवार शाम को एक्सप्रेस वे पर बेहोश पड़ी थी। इसकी सूचना पर एसओ अरविंद सिंह निर्वाल मय पुलिस फोर्स के पहुंच गए। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया। होश में आने पर राखी ने पुलिस को बताया कि उसका पति विक्रम शराब पीकर उससे आए दिन मारपीट करता है। इसलिए वह आत्महत्या करने जा रही थी। रास्ते में बेहोश हो गई। एसओ के मुताबिक विक्रम के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। जंगली जानवर के हमले में युवक समेत दो घायल
जेएनएन, आगरा। चंबल नदी किनारे बसे गुढ़ा गांव के ग्रामीण जंगली जानवर की दहशत से परेशान है। रविवर शाम को उसने युवक और एक बच्चे पर हमला बोलकर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने पर वह जंगल की तरफ भाग गया। जंगली जानवर सियार बताया जा रहा है। बाह के गुढ़ा गांव निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र सिंह और 12 वर्षीय राहुल पुत्र गुलजारी लाल रविवार शाम अपने अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक इसी दौरान पहुंचे जंगली जानवर ने दोनों पर हमला बोला। चीखपुकार सुन ग्रामीण लाठीडंडे लेकर पहुंच गए। यह देख वह बीहड़ की ओर चला गया। ग्रामीणों के मुताबिक यह जंगली जानवर पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है।