Police Awareness Campaign: इमरजेंसी कुछ भी हो, बस एक बार करें 112 पर कॉल, कोराेना काल में खाकी की पहल की हो तारीफ
Police Awareness Campaign आगरा में पीआरवी से महिलाओं और बुजुर्गों को जागरूक कर रही पुलिस। शहरभर में लगाए साइनेज गलियों में जाकर बांटे पंफलेट। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान शुरू किया था।
आगरा, जागरण संवाददाता। संकट के समय में यूपी 112 की पीआरवी काम आती है। एक काल पर आपको मदद मिलेगी। महिलाओं और बुजुर्गों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी गली-गली और कालोनी में जाकर लोगों को पंफलेट देकर जागरूक कर रहे हैं। साथ ही शहरभर में होर्डिंग और साइनेज के माध्यम से भी पुलिस जागरूक कर रही है।
महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान शुरू किया था। इसके तहत महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा करने के साथ ही उनको कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही बुजुर्गों के लिए सवेरा योजना शुरू की थी। बुजुर्गाें का पंजीकरण करके पुलिस उनका हमदर्द बन रही है।अब कोरोना काल में कालाबाजारी करने वालों पर अंकुश लगाने में भी यूपी 112 काम आ रही है। अगर आपको आक्सीजन, एंबुलेंस, दवा या अन्य कोई वस्तु निर्धारित दर से अधिक में दी जा रही है तो यूपी 112 पर काल करें। पुलिस तत्काल वहां पहुंचकर आपकी समस्या का निराकरण कराएगी। इसके लिए शहर में बड़े-बड़े साइनेज और होर्डिंग लगवाए गए हैं। यूपी 112 के प्रभारी इंस्पेक्टर विकास तोमर ने बताया कि महिलाओं और बुजुर्गों को जागरूक करने का अभियान चल रहा है। शहरभर में होर्डिंग और साइनेज लगाने के साथ ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी खुद मिलकर उन्हें मदद का भरोसा दिला रहे हैं। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी गली-गली और कालोनी में जाकर लोगों को पंफलेट देकर जागरूक कर रहे हैं। साथ ही शहरभर में होर्डिंग और साइनेज के माध्यम से भी पुलिस जागरूक कर रही है।