Move to Jagran APP

Kisan Andolan: आगरा मंडल में सभी टोल प्लाजा पर पुलिस का पहरा, नहीं आए किसान

किसान संगठनों ने किया था शनिवार को टोल फ्री करने का एलान। यमुना एक्‍सप्रेस वे मथुरा टोल और टूंडला टोल पर पुलिस फोर्स चौकन्‍नी। हर गाड़ी को किया जा रहा चेक। पुलिस ने रात में ही कई किसान नेताओं को किया नजरबंद।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Sat, 12 Dec 2020 12:16 PM (IST)Updated: Sat, 12 Dec 2020 12:16 PM (IST)
Kisan Andolan: आगरा मंडल में सभी टोल प्लाजा पर पुलिस का पहरा, नहीं आए किसान
आगरा लखनऊ एक्‍सप्रेस वे पर तैनात पुलिस फोर्स।

आगरा, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में टोल फ्री कराने के एलान के बाद पुलिस सतर्क है। जिले के सभी टोल प्लाजा पर पुलिस और पीएसी का पहरा है। किसान नेताओं की निगरानी के साथ कुछ को पुलिस ने नजरबंद भी कर दिया। शनिवार को अभी तक किसान किसी टोल प्लाजा पर नहीं पहुंचे। यहां से पुलिस चेकिंग के बाद वाहनों को आगे बढ़ने दे रही है।

loksabha election banner

यमुना एक्सप्रेस वे के खंदौली टोल प्लाजा पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में वाहन गुजरे थे। इसके चलते दिनभर जाम लगा रहा। शनिवार को यहां से कम वाहन निकले। पुलिस और पीएसी टेाल प्लाजा पर सुबह से ही पहुंच गई। यहां से गुजरने वाले वाहनों को चेक किया जा रहा है। इसी तरह सैंया टोल प्लाजा पर राजस्थान की ओर से आने वाले वाहनों को चेक करने के बाद ही आगरा की ओर आने दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ डेरा जमाए हैं। जयपुर हाईवे पर कौरई टोल प्लाजा और राजस्थान बार्डर की चौकी चौमा शाहपुर पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई हैं। यहां अधिकारी भी मौजूद हैं। जिले में पड़ने वाले तीनों टोल प्लाजा पर अभी कहीं किसान नहीं पहुंचे हैं। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कई किसान नेताओं को नजरबंद भी कर लिया है। मगर, अधिकारिक रूप से कोई अधिकारी इसे स्वीकार नहीं कर रहा। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि टोल प्लाजा और जिले व राज्य की सीमाओं पर चौकसी है। पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। किसी को भी कानून को हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

फीरेाजाबाद में टोल पर डंडा लिए खड़ी रही पुलिस

कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर भाकियू (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह का एलान पूरा नहीं हुआ। पूरी तैयारी के साथ पुलिस फोर्स टोल पर हाथों में डंडे लिए खड़ा रहा, लेकिन किसान ही नहीं पहुंचे। टोल पर प्रदर्शन के चलते आने वाली मुश्किलों को देखते हुए लोग असमंजस में रहे। एसएसपी समेत तमाम अधिकारी टोल के भ्रमण पर रहे।

भाकियू (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि किसान समस्याओं पर भाकियू संघर्ष कर रहा है। किसानों के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं। समस्याओं के समाधान के लिए जब तक प्रधानमंत्री उन्हें वार्ता के लिए नहीं बुलाते हैं तथा समाधान नहीं होता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने भाकियू कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्र में पड़ने वाले सभी टोल फ्री कराने के निर्देश देते हुए कहा है कि सुबह दस बजे ही सभी कार्यकर्ता लाठी लेकर टोल पर पहुंच जाएं तथा किसी भी वाहन से वसूली न होने दें। इसके बाद पुलिस फोर्स एलर्ट हो गया। एसएसपी अजय कुमार पांडे ने रणनीति बनाई और दो टूक कह दिया कि प्रदर्शन पर कड़ी कार्रवाई होगी। किसान नेताओं से संपर्क के साथ-साथ कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद सुबह आठ बजे से फोर्स टोल प्लाजा पर तैनात कर दिया गया। सुबह एसएसपी अजय पांडे एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने भ्रमण किया। किसी भी टोल पर कोई वाहन नहीं रुका। यातायात सामान्य दिनों की तरफ चलता रहा। एसएसपी का कहना कि रास्ते रोकने का अधिकार किसी को नहीं है। किसान नेताओं को शांति पूर्ण तरीके से ज्ञापन देने की अनुमति दी गई है। टोल फ्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

मथुरा में किसान किए नजरबंद

कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को किसान संगठन यमुना एक्सप्रेस वे और हाईवे के टोल पर कब्जा कर वाहनों को फ्री निकालने की तैयारी कर रहे हैं। उससे पहले ही पुलिस सतर्क हो गई है। एक- एक कर किसान नेताओं को नजरबंद कर करना शुरू कर दिया है। कोसीकलां में किसान मजदूर संघ के नेता दीपक चौधरी को नजर बंद किया गया है। भाकियू भानु और टिकैत गुट के किसान नेताओं के घरों पर भी पुलिस बल तैनात कर दिया है। हालांकि पुलिस अधिकारी किसान नेताओं को नजरबंद करने की कर्रवाई से अभी इंकार कर रहे है। एक्सप्रेस वे और हाईवे के टोल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यातायात सामान्य बना हुआ है। अन्य दिनों के मुकाबले आज हाईवे पर वाहनों की संख्या में भी कमी आई है।

भाकियू भानु गुट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन यज्ञ करने जा रहा है। भारतीय किसान कल्याण समिति की बाजना में धरना स्थल पर मीटिंग चल रही है। पुलिस प्रशासन किसान संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.