Inspector Murder Case in Agra: आगरा में दारोगा प्रशांत की हत्या में आरोपित विश्वनाथ के खिलाफ, पुलिस ने बनाए हैं 50 गवाह
Inspector Murder Case in Agra खंदौली के गांव नहर्रा में 25 मार्च को हुई थी हत्या। दो भाइयों के बीच विवाद सुलझाने गए दारोगा प्रशांत को मारी थी गोली। आरोपित विश्वनाथ को 27 मार्च को जैतपुर के कमतरी पुल पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के थाना खंदौली के गांव नहर्रा में तीन महीने पहले दारोगा प्रशांत कुमार की हत्या में पुलिस ने आरोपित विश्वनाथ के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। पुलिस ने हत्याकांड में सिर्फ विश्वनाथ को ही आरोपित बनाया है। इसमें चश्मदीद समेत 50 गवाह बनाए हैं। यह गवाह दोनों भाइयों के बीच सुबह से लेकर शाम तक चले झगड़े के दौरान मौजूद रहे थे। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने केस डायरी में मजबूत लिखापढ़ी के साथ ही अहम साक्ष्य शामिल किए हैं।
दुस्साहसिक घटना 25 मार्च की थी। खंदौली के गांव नहर्रा में विजय सिंह पहलवान के बेटों विश्वनाथ और शिवनाथ के बीच खेत में आलू की फसल के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। शिवनाथ माता-पिता के साथ रह रहा था। जबकि विश्वनाथ फसल में अपना आधा हिस्स मांग रहा था। इसे लेकर दोनों भाइयों में 25 मार्च की सुबह विवाद हो गया। पुलिस की मौजूदगी में आलू की खोदाई शुरू हो गई। इसके बाद मामला शांत कराके पुलिस वहां से चली आई।
शाम को फसल घर ले जाने के दौरान विश्वनाथ खेत पर तमंचा लेकर पहुंच गया। वह आलू की खोदाई करने मजदूरों और वहां से निकलने वाले ग्रामीणों को तमंचा लेकर धमकी देने लगा। आरोपित द्वारा दोबारा विवाद की जानकारी होने पर दारोगा प्रशांत कुमार पुलिस के साथ दोबारा से गांव पहुंचे। खेत में विश्वनाथ के हाथों में तमंचा देखकर प्रशांत ने उसका पीछा किया। आरोपित ने प्रशांत को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई थी।
पुलिस ने आरोपित विश्वनाथ को 27 मार्च को जैतपुर के कमतरी पुल पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना क्राइम ब्रांच स्थानांतरित की गई थी। विवेचक ने चार्जशीट में 50 गवाह बनाए हैं। इनमें सुबह से लेकर शाम तक दोनों भाइयों के बीच हुए झगड़े के दौरान वहां मौजूद लोग शामिल हैं। मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपित से तमंचा बरामद किया गया था। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेने के बाद 32 बोर की पिस्टल बरामद की थी। एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता ने बताया चार्जशीट थाने आ गई है। इसे अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।