Kisan Andolan: आगरा में किसानों के यहां रात से ही पुलिस का पहरा, पर चकमा देकर कई हुए लापता
Kisan Andolan आज किसान आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित फतेहाबाद टोल पर प्रदर्शन करेंगे। आगरा-जयपुर हाईवे स्थित कोरई टोल इनररिंग रोड स्थित टोल पर भी जाम लगाया जाएगा। तमाम किसान पुलिस को चकमा देकर रात से ही हो गए लापता आज करेंगे टोलों पर प्रदर्शन।
आगरा, जागरण संवाददाता। नये कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को ताजनगरी के किसानों ने भी हाईवे और एक्सप्रेसवे पर आंदोलन का एलान किया है। इसको देखते हुए पुलिस ने बीती शुक्रवार रात से ही किसान नेताओं के घर पर पहरा बैठा दिया है। इसके बावजूद तमाम पुलिस को चकमा देकर रात से ही लापता हो गए हैं। वह शनिवार दोपहर में छुपते-छुपाते विभिन्न टोलों पर पहुंचेंगे।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर के सेवला स्थित निवास पर पुलिस ने शुक्रवार शाम से ही पहरा बैठा दिया था। उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया, जिससे कि वह आंदोलन के लिए निकल न पाएं। मगर, रात 11 बजे वह पुलिस को चकमा देकर दूसरे गांव में पहुंच गए हैं। उनके तमाम साथी भी अपने-अपने घरों को छोड़कर दूसरे गांवों में डेरा डाले हुए हैं। श्याम सिंह चाहर का कहना है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित फतेहाबाद टोल पर वह प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उनकी टीम के दूसरे साथी आगरा-जयपुर हाईवे स्थित कोरई टोल, इनररिंग रोड स्थित टोल पर भी जाम लगाया जाएगा। किसान नेता सोमवीर यादव का कहना है कि वह अपने साथियों के साथ शुक्रवार रात को ही अज्ञात जगह पर आ गए हैं। पुलिस उन्हें ढूंढ रही है। वह शनिवार को अचानक किसी हाईवे पर पहुंचेंगे। यहां वह मार्ग जाम करेंगे। उनका कहना है कि जब तक नये कानून वापस नहीं हाेते, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।