Love Jihad Case: आगरा पुलिस को 15 दिन से चकमा दे रहा लव जिहाद का आरोपित
Love Jihad Case शाहगंज से 27 जनवरी की रात युवती को बहकाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस की तीन टीम 15 दिन से लगातार दे रही हैं दबिश। आरोपित सलमान के जीजा और दोस्त को पुलिस भेज चुकी है जेल।
आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज इलाके से 15 दिन पहले युवती को बहका करके ले गया आरोपित सलमान 20 दिन से पुलिस को चकमा दे रहा है। युवती के स्वजन और हिंदूवादी संगठनों ने सलमान पर लव जिहाद की साजिश के तहत युवती को लेकर जाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर बाजार भी बंद हुआ। दबाव बनने पर पुलिस ने आरोपित के जीजा मुईन और दोस्त अयान को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इसके बावजूद आरोपित हाजिर नहीं हुआ। उसके स्वजन भी घटना से एक दिन पहले परिवार समेत घर छोड़कर चले गए थे।
शाहगंज क्षेत्र निवासी युवती 27 जनवरी की रात को लापता हो गई थी। युवती के पिता ने शाहगंज के सोरों कटरा निवासी सलमान के खिलाफ पुत्री को अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के कई जिलों में दबिश दीं। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि सलमान के लोहामंडी निवासी जीजा मुईन ने उसे शरण दी थी। साजिश में शामिल जीजा को पुलिस ने जेल भेज दिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपित के दोस्त इमरान उर्फ अयान को जेल भेज दिया। आरोपित युवती को ले जाने से पहले उसके संपर्क में रहा था। दोनों के बीच कई बार बात हुई थी। मगर, आरोपित पुलिस के हाथ नहीं आया है।
पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के कई जिलों में 60 से ज्यादा जगहों पर दबिश दी। मगर,वह हर बार पुलिस को चकमा देकर उसके पहुंचने से पहले निकल जाता है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित की आगरा में कोई परिचित या रिश्तेदार आर्थिक मदद कर रहा है। पुलिस अब उसके मददगार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।