Tractor Pared: आगरा के किसान नेताओं पर पुलिस की नजर, सड़कों पर पहरा
Tractor Pared दिल्ली जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही पुलिस। सुबह से ही सक्रिय हुई पुलिस कई किसान नेता किए नजरबंद। किसान संगठनों ने एलान किया है कि वे गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालेंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसानों के दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च के एलान के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। रविवार रात से पुलिस किसान नेताओं की निगरानी कर रही है। कुछ नेता पुलिस ने रात में ही नजरबंद कर दिए। कुछ सोमवार सुबह से नजरबंद किए जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली जाने वाले मार्गों पर बैरियर लगाकर पुलिस चेकिंग कर रही है। ट्रैक्टर लेकर किसानों को दिल्ली की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
किसान संगठनों ने एलान किया है कि वे गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। इसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। एडीजी अजय आनंद ने जोन के सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों पर बैरियर लगाकर चेकिंग कराएं। किसान नेताओं से लगातार संपर्क में रहें। उन्हें समझाएं और निगरानी भी रखें। एडीजी / आइजी ए सतीश गणेश ने शनिवार को मथुरा जाकर पुलिस की सतर्कता चेक की। अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए। रविवार को उन्होंने फीरोजाबाद और मैनपुरी का भ्रमण किया। उन्होंने मैनपुरी और फीरोजाबाद के बार्डर पर सकर्तता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस ने दिल्ली जाने वाले सभी मार्गों पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी है। आगरा में बाहरी इलाकों पर पुलिस ने बैरियर लगा दिए हैं। कुछ नेता नजरबंद किए हैं तो कुछ को उनके घर जाकर समझाया है। एक्सप्रेस वे के खंदौली टोल प्लाजा, एनएच 19 और सैंया टोल प्लाजा पर पुलिस खास सख्ती बरत रही है। राजस्थान की ओर से किसानों को आगरा की ओर नहीं आने दिया जाएगा। इसके साथ ही एनएच 19 और यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते किसानों को दिल्ली की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।