खाकी ने दिल खोलकर मनाई दीपावली, जलाए खुशियों के ऐसे दीये Agra News
झोपडिय़ों में रहने वाले परिवारों के बीच जाकर बांटी खुशियां। लाइटिंग की जगह दियों से रोशन हुए थाने और अफसरों के ऑफिस।
आगरा, जागरण संवाददाता। सभी अपने परिवार के साथ दीपावली मना रहे थे। मगर, खाकी वाले अपनों से दूर थे। ऐसे में उन्होंने दीपावली मनाने को दिल खोल दिया। झोंपडिय़ों में रहने वाले बच्चों के बीच जाकर दीपावली मनाकर खुशियां बांटी। उन्हें पटाखे, फुलझडिय़ां और मिठाई देकर अपनेपन का अहसास कराया और छोटे बच्चों को दुलारा भी। गली-गली और मुहल्लों में रविवार को यह सीन आम था। लोगों ने भी पुलिस के इस कार्य की सराहना की।
डीजीपी ओपी सिंह ने इस बार दीपावली पर थानों और अधिकारियों के कार्यालयों पर लाइटिंग के बजाय मिट्टी के दियों को जलाने के निर्देश दिए थे। खाकी वालों ने इससे भी आगे बढ़कर सोशल पुलिसिंग की। एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस परिवार के साथ दीपावली मनाई। सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की बस्तियों में जाकर गरीब परिवारों के साथ दीपावली मनाई। सीओ सदर विकास जायसवाल अपनी पत्नी स्वाति जैन (अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मेरठ) के साथ नौलक्खा स्थित वाल्मीकि बस्ती में पहुंचे। उनके साथ इंस्पेक्टर सदर कमलेश सिंह भी रहे। वहां बच्चों को आतिशबाजी, खील खिलौने और लड्डू भेंट किए। उन्होंने बच्चों को गोद में उठाकर दुलार कर बस्ती का दिल जीत लिया।
सीओ छत्ता उदयराज सिंह और इंस्पेक्टर एत्माद्दौला के साथ एत्माद्दौला क्षेत्र में गरीब परिवारों के साथ दीपावली मनाई। इसके साथ ही शहर और देहात में सभी पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में जाकर गरीब परिवारों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया।
शहीदों के घर भी पहुंचे अधिकारी
त्योहार पर पुलिस अपनों के गम में भी शरीक हुई। ऐसे पुलिसकर्मियों या सेना के जवानों के घर भी पुलिस अधिकारी गए, जो एक वर्ष में शहीद हुए या किन्हीं कारणोंवश उनकी मौत हुईं। इनमें सिकंदरा के लखनपुर निवासी बीएसएफ के शहीद जवान देवेंद्र सिंह बघेल, ताजगंज के कहरई निवासी सीआरपीएफ के जवान कौशल रावत शामिल थे। ताजनगरी निवासी हेड कांस्टेबल राजेश कुमार अवस्थी, शास्त्रीपुरम निवासी एसआइ वेद प्रकाश, ताजगंज के सेमरी निवासी हेड कांस्टेबल मुन्नू सिंह और आवास विकास कॉलोनी सेक्टर आठ निवासी हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह की भी इसी वर्ष मौत हुई थीं। इनके घर जाकर अधिकारियों ने पहले त्योहार पर परिवार को सांत्वना बधाई।