Double Murder Case: आगरा में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या करने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
आरोपित के बाएं पैर में लगी गोली 25 हजार का इनामी था। वारदात के चौबीस घंटे में ही पुलिस को मिली सफलता। मंगलवार सुबह सात बजे गोविंद बाइक से फीरोजाबाद की ओर भाग रहा था। बटेश्वर के पास नौरंगी घाट पर पुलिस से उसका सामना हो गया।
आगरा, जागरण संवाददाता। बाह के जरार कस्बा में एक तरफा इश्क में मां बेटी की हत्या करने वाले का चौबीस घंटे में ही पुलिस से सामना हो गया। पुलिस मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से एक बाइक और तमंचा भी बरामद हुआ है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू अभी बरामद नहीं हुआ है।
बाह के जरार कस्बा निवासी 50 वर्षीय शारदा देवी की 16 वर्षीय बेटी कामिनी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। गांव का ही युवक गोविंद सिंह उससे एकतरफा इश्क करता था। कामिनी की शादी दूसरे लड़के से तय होने पर वह बौखला गया था। रविवार रात घर में घुसकर गोविंद ने चाकू से गोदकर शारदा देवी, कामिनी की हत्या कर दी। जबकि शारदा की बहू कमलेश और उनकी डेढ़ वर्ष की बेटी गुड़िया बाल-बाल बच गईं। कमलेश को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वारदात के बाद पुलिस की पांच टीम आरोपित की गिरफ्तारी में लगाई गईं। रात को एसएसपी बबलू कुमार ने आरोपित पर 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा कर दी। मंगलवार सुबह सात बजे गोविंद बाइक से फीरोजाबाद की ओर भाग रहा था। बटेश्वर के पास नौरंगी घाट पर पुलिस से उसका सामना हो गया। उसने पुलिस पर फायर किया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।