आगरा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 92 टीम, सात घंटे और 190 गिरफ्तार Agra News
आगरा पुलिस ने वांछितों और वारंटियों की गिरफ्तारी को चलाया अभियान। ऑनर किलिंग के आरोपित और दो शराब तस्कर भी अभियान के दौरान हुए गिरफ्तार।
आगरा, जागरण संवाददाता। पुलिस ने शनिवार रात को वारंटियों और वांछितों की गिरफ्तारी को गिरफ्तारी का अभियान चलाया। 92 टीमों ने सात घंटे में 190 वांछितों और वारंटियों को गिरफ्तार कर अब तक की बड़ी कार्रवाई का रिकार्ड बनाया। कोर्ट में पेश करने से पहले इन सभी को पुलिस लाइन में लाया गया।
एसएसपी बबलू कुमार के निर्देश पर शनिवार रात दस बजे सुबह पांच बजे तक वारंटियों और वांछितों की गिरफ्तारी को अभियान चला। इसमें जिले के 42 थानों की 92 टीमों को लगाया गया था। सात घंटे तक टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में लगातार दबिश दीं। इससे विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे 17 अभियुक्त और कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी फरार चल रहे 171 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस अभियान के दौरान प्रमुख गिरफ्तारी खेरागढ़ थाना क्षेत्र के कछपुरा में हुई ऑनर किलिंग के मामले में फरार चल रहे किशोरी के चाचा नाहर सिंह और तयेरे भाई ओमवीर की हुई। जगदीशपुरा क्षेत्र से एनबीडब्ल्यू में वर्ष 2016 में वांछित अभियुक्त नवल को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर ताजगंज ने हरियाणा मार्का की 150 लीटर अंग्रेजी शराब, शाहगंज में एक अभियुक्त एक किग्रा 160 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। डौकी क्षेत्र में चंदौली निवासी अरविंद यादव, शाहगंज के खेरिया मोड़ निवासी जाहिद को करीब तीस लाख कीमत की शराब के साथ पकड़ लिया। इस तरह सात घंटे तक चले अभियान में 190 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। सबसे अधिक गिरफ्तारी एत्माद्दौला से 21, मलपुरा से 19 और पिढ़ौरा से 17 हुई। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी प्रशांत वर्मा, एसपी पश्चिम रवि कुमार और एसपी पूर्वी प्रमोद कुमार और सभी सर्किल के सीओ और थाना प्रभारी थे।