Plantation Campaign: बाकियों ने तोड़ा दम, उप मुख्यमंत्री का बरगद ही अभी जीवित है
Plantation Campaign शाहजहां गार्डन में नौ अगस्त 2019 को किया था पौधारोपण। पानी के अभाव में सूख पौधे उद्यान विभाग की लापरवाही।
आगरा, जागरण संवाददाता। जिस अभियान को रफ्तार देकर प्रदेश में हरियाली बढ़ाने की मुहीम चल रही है। उसकी धरातल की हकीकत विपरीत है। सैकड़ों कोस का सफर तय करके अभियान का आगाज करने वालों के पौधे ही बच पाते हैं। उसके इर्द-गिर्द के पौधे लापरवाही की भेट चढ़ रहे हैं। शाहजहां गार्डन में यही हुआ है।
प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2019-20 में नौ अगस्त को 22 करोड़ पौधा लगाकर लक्ष्य आसानी से पूरा किया था। आगरा में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शाहजहां गार्डन में बरगद का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत आगरा में 28.57 लाख पौधे रोप गए थे। वन विभाग सहित 26 विभागों ने पौधे लगाए थे। अन्य विभागों द्वारा लगाए गए पौधे दम तोड़ चुके हैं, लेकिन शाहजहां गार्डन में पंचवटी के माधयम से उपमुख्यमंत्री द्वारा लगाया बरगद का पौधा जीवित है। मगर, इसके आसपास लगे बेलपत्र, अर्जुन, शीशम और बरगद का पौधा लापरवाही की भेंट चढ़ गए हैं। इन पौधों की देखभाल उद्यान विभाग को करनी थी।
पानी की कमी से सूखे
शाहजहां गार्डन में ओपन जिम के सामने खाली स्थान में पौधे रोपे गए थे। यहां पर पहले से भी वृक्ष खड़े हैं, लेकिन नए पौधे पानी के अभाव में सूख गए हैं और बड़े वृक्षों की बढ़वारभी कम हुई है।
इस वर्ष लगे 37.61 लाख पौधे
इस वर्ष आगरा का लक्ष्य 37.50 लाख पौधे लगाने का था, लेकिन 27 विभागों के सहयोग आगरा में लक्ष्य 11 हजार ज्यादा पौधे रोपे गए। आगरा में 37.61 लाख पौधे लगे हैं, लेकिन यह भी सूख रहे हैं।
यह था लक्ष्य
- वित्तीय वर्ष 2020-21 में 37.61 लाख पौधे लगे।
- वित्तीय वर्ष 2019-20 में 28.57 लाख पौधे लगे।
- वित्तीय वर्ष 2019-20 में अभियान की शुरुआत उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने की।
- - वित्तीय वर्ष 2020-21 में अभियान की शुरुआत कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी ने की। इनका पौधा सूख चुका है।