आगरा में आई अपराधियों की शामत, शहरभर में लगेंगे अब होर्डिंग्स
क्षेत्र के टॉप लुटेरे होंगे होर्डिंग शामिल। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के लुटेरों के होर्डिंग तैयार। थानों के नोटिस बोर्ड पर भी फ्रेम में लगाए जा रहे लुटेरों के फोटो।
आगरा, जागरण संवाददाता। अब तक आपने राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यों में लगे लोग प्रसिद्धि और प्रचार को होर्डिंग लगवाते देखे होंगे। आगरा पुलिस अब लुटेरों के होर्डिंग लगवाकर उन्हें प्रचारित करेगी। उद्देश्य प्रचारित करना ही है, लेकिन ये प्रसिद्धि के लिए नहीं बल्कि उनसे समाज को सजग करने को किया जा रहा है। न्यू आगरा पुलिस थाना पुलिस ने होर्डिंग बनवाकर तैयार कर लिए हैं। जल्द ही इन्हें लगवाया जाएगा।
पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी लूट की घटनाएं नहीं रुक रहीं। इन पर अंकुश लगाने के लिए तमाम प्रयोग किए जा रहे हैं। थानों में अपराधियों के डोजियर तैयार करने और उनकी फोटो एलबम में तैयार कराई गई हैं। एसएसपी अमित पाठक थानों में जाकर एलबम और डोजियर को चेक कर रहे हैं। इससे थानों के नोटिस बोर्ड पर अब लुटेरों की फोटो लग गई है। न्यू आगरा थाना पुलिस ने इससे आगे बढ़ते हुए क्षेत्र के टॉप लुटेरों की पहचान सार्वजनिक करने के लिए नया तरीका अपनाया है। इनके होर्डिंग क्षेत्र में लगवाए जाएंगे। इसमें ऐसे लुटेरे शामिल हैं, जो लगातार लूट की घटनाएं कर रहे हैं। एसएसपी अमित पाठक का कहना है कि लुटेरों की पहचान सार्वजनिक करने के लिए थानों में उनकी फोटो एलबम बनवाई गई हैं। होर्डिंग लगवाने का प्रयोग भी न्यू आगरा थाने में किया जा रहा है।
लुटेरों के सत्यापन का पड़ा था असर
चुनाव से पहले पुलिस ने तीन वर्ष में लूट की घटनाएं करने वाले लुटेरों का सत्यापन किया था। सभी थानों को इसके लिए टारगेट दिया गया था। घर-घर जाकर लुटेरों का पुलिस ने फोटो लिया और वर्तमान में वे क्या कर रहे हैं? यह भी जाना। इसका असर यह रहा है कि कुछ दिनों तक लूट की घटनाओं पर अंकुश लगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप