New Variant of CoronaVirus: यूके से हाल में आगरा लौटे लोगों पर नजर, किए जा रहे हैं होम क्वारंटाइन
आगरा में अब तक यूके से लौटे 35 लोगों की जांच की जा चुकी है। संपर्क में आए स्वजन पडोसी रिश्तेदार सहित 20 से 25 के लिए जाएंगे सैंपल। यूके से आगरा आने के बाद एक ब्रिटेन लौटा एक केरला चार नोएडा और दो हाथरस चले गए।
आगरा, जागरण संवाददाता। ब्रिटेन (यूके) से कोरोना का नया स्ट्रेन ताजनगरी में ना आ जाए, इसके लिए 25 नवंबर के बाद ब्रिटेन से आगरा लौटे 49 लोगों की सूची तैयार की गई है। इनसे शुक्रवार को टीम ने संपर्क किया, इसमें से अभी तक 35 के सैंपल लिए जा चुके हैं। 10 की रिपोर्ट निगेटिव है, एक संदिग्ध के शनिवार को दोबारा सैंपल लिए जाएंगे।
सीएमओ डा आरसी पांडे ने बताया कि ब्रिटेन से 25 नवंबर के बाद आगरा आए 49 लोगों की सूची मिली है। इनसे संपर्क किया गया, घर पर रैपिड रेस्पोंस टीम भेजकर सैंपल लिए जा रहे हैं। 10 के गुरुवार को सैंपल लिए गए थे, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आइ है। एक संदिग्ध के शनिवार को दोबारा सैंपल लिए जाएंगे। वहीं, दूसरे दिन 25 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। वहीं, इन लोगों के संपर्क में आए 24 लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। अभी 14 के सैंपल लेने हैं। इसमें से एक युवक ब्रिटेन लौट गया है, एक केरला चला गया है, चार नोएडा और दो हाथरस में हैं। वहां सूचना दे दी गई है, जिससे सैंपल लिए जा सकें। इन सभी लोगों को 14 दिन के लिए घर में क्वारंटीन किया गया है। वे घर से बाहर ना निकलें, इसके लिए वालेंटियर की मदद ली जाएगी। इनके संपर्क में आने वाले स्वजन, पडोसी, रिश्तेदार सहित 20 से 25 लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे।पाजिटिव रिपोर्ट आने पर वायरोलाजी लैब भेजे जाएंगे सैंपलब्रिटेन से लौटे लोगों में कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर स्ट्रेन का पता लगाने के लिए सैंपल वायरोलाजी लैब पुणे और दिल्ली में भेजे जाएंगे। वहां आगे की जांच होगी, इससे पता चल सकेगा कि किस स्ट्रेन का कोरोना वायरस है।
कोविड हास्पिटल में अलग वार्ड में किया जाएगा भर्ती
ब्रिटेन से लौटे लोगों की कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उन्हें कोविड हास्पिटल में अलग वार्ड में भर्ती किया जाएगा। इलाज करने वाली टीम भी अलग होगी।
यूके से लौटे युवक ने टीम को लौटाया, पुलिस की ली मदद
कमला नगर निवासी युवक, उनकी पत्नी और एक स्वजन ब्रिटेन से तीन दिन पहले लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने पहुंची, उन्होंने टीम से आईडी कार्ड दिखाने के लिए कहा, इसके बाद सैंपल देने से इन्कार कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कमला नगर थाना प्रभारी से संपर्क किया, पुलिस को साथ लेकर टीम दोबारा पहुंची। युवक ने तर्क दिया कि वह ब्रिटेन में भी कोरोना की जांच कराई थी, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद तीन दिन पहले भारत आए हैं। टीम ने उनकी पत्नी और एक अन्य स्वजन के बारे में जानकारी ली, उन्होंने बताया कि वे हाथरस चली गई हैं।
इन क्षेत्रों के रहने वाले हैं ब्रिटेन से लौटे 49 लोग
कमला नगर 10
आवास विकास कालोनी सिकंदरा 8
निर्भय नगर 4
राम नगर कालोनी 4
खंदारी 3
दयालबाग 1
वेस्ट अर्जुन नगर 1
जयपुर हाउस 1
एमजी रोड 1
शाहगंज 1
रावत पाडा 1
कोठी मीना बाजार 1
कौशलपुर 1
केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड 1
अन्य 11