Power Supply: आगरा मंडल में बिजली सप्लाई, जानिए किस जिले को ज्यादा और कहां सबसे कम आ रही बिजली
Power Supply पिछले दिनों मंडल की रिपोर्ट तैयार की गई। मंडल के जिलों में रोस्टर के अनुसार कितनी बिजली आपूर्ति हो रही है इसका भी ब्योरा जुटाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक मंडल के चारों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति फीरोजाबाद में हो रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मंडल में सबसे कम बिजली मैनपुरी जिले के लोगों को मिलती है। आगरा के लोगों को भी निर्बाध रूप से 24 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही। दावे चाहे कुछ किए जा रहे हों लेकिन हकीकत यह है कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के गृह जनपद से ज्यादा फीरोजाबाद के गांवों में बिजली आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए निर्धारित 18 घंटे के सापेक्ष 'सुहागनगरी' के ग्रामीण क्षेत्रों में 18.06 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।
पिछले दिनों मंडल की रिपोर्ट तैयार की गई। मंडल के जिलों में रोस्टर के अनुसार कितनी बिजली आपूर्ति हो रही है, इसका भी ब्योरा जुटाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मंडल के चारों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति फिरोजाबाद में हो रही है। यहां निर्धारित समय से भी अधिक बिजली दी जा रही है। आगरा, मथुरा और मैनपुरी के गांवों में तो निर्धारित रोस्टर के अनुसार भी बिजली नहीं मिल रही। हालांकि हकीकत में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है। आगरा में जिला मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं। इसके सापेक्ष शहर में 23.49 घंटे बिजली लोगों को मिल रही है। यानी शहर में औसतन 11 मिनट की ही बिजली गुल हो रही है। इसका कारण भी ब्रेक डाउन के कारण आपूर्ति बाधित होना बताया जा रहा है। यहां तहसील स्तर पर भी 24 घंटे आपूर्ति के सापेक्ष 20.42 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक तहसील स्तर पर सिर्फ 3.58 मिनट ही बिजली नहीं मिल रही। जबकि हकीकत में ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहती है।
- फिरोजाबाद में जिला मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति निर्धारित है। जबकि उपभोक्ताओं को इसके सापेक्ष 23.13 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है।
- मथुरा में जिला मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे के सापेक्ष उपभोक्ताओं को 23.20 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है। हकीकत में लोगों को इतनी बिजली नहीं मिलती।
- मैनपुरी में जिला मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे के सापेक्ष 23.24 घंटे उपभोक्ताओं को बिजली मिल रही है। यह तो कागजों पर है। हकीकत में यहां के लोगाें के सामने बिजली कटौती बड़ा संकट है।
जिला तहसील स्तर मुख्यालय निर्धारित घंटे उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के औसत घंटे
आगरा 24 घंटे 20.42 घंटे
फिरोजाबाद 22 घंटे 20.10 घंटे
मथुरा 24 घंटे 19.56 घंटे
मैनपुरी 20 घंटे 20.04 घंटे
फैक्ट फाइल
18.06 घंटे फिरोजाबाद के गांवों में हो रही बिजली आपूर्ति
17.52 घंटे मथुरा के गांवों के लोगों को मिल रही बिजली
17.47 घंटे आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही बिजली आपूर्ति
17.05 घंटे मैनपुरी के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति हो रही