AC Bus से करने जा रहे हैं यात्रा तो सफर से पहले पढ़ लें ये जरूरी खबर Agra News
एसी बसों में अब नहीं मिलेगा पानी। सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित होने के चलते लिया गया फैसला।
आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र परिवहन निगम की वातानुकूलित बसों में अब पानी नहीं मिलेगा। शनिवार से एसी बसों में पानी की सुविधा बंद कर दी गई है। सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित होने के कारण विभाग ने ये फैसला लिया है।
आगरा के अंतरराज्यीय बस अड्डे (आइएसबीटी) से अलग-अलग रूट पर परिवहन निगम की 26 बसें संचालित हैं। इन बसों में यात्रियों को मुफ्त पानी की सुविधा दी जाती थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है। सिंगल यूज प्लास्टिक बंद होने के बाद परिवहन निगम ने ये आदेश जारी किया था, जिसे शनिवार को आगरा से संचालित एसी बसों में लागू कर दिया गया है।
बस अड्डे पर बिक रहा पानी
शहर के बस अड्डों पर सिंगल यूज प्लास्टिक की बोतलों में पानी बिक रहा है। आइएसबीटी पर संचालित दुकानों पर बड़ी मात्र में प्लास्टिक की बोतलों में पानी बिक रहा है। हालांकि विभाग का कहना है कि पुराना स्टॉक है, आगे से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
कम होगा किराया
एसी बसों में पानी की बोतलें बंद होने के बाद बसों के किराये में भी कमी आएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित होने के कारण एसी बसों में अब पानी की सुविधा नहीं मिलेगी। बस अड्डे पर भी सिंगल यूज प्लास्टिक बंद किया जाएगा।
राजेंद्र सिंह, प्रबंधक, आइएसबीटी