Wedding in Epidemic: दूल्हा-दुल्हन से ज्यादा उनके माता पिता को कोरोना संक्रमण का खतरा, बचाव का जानें तरीका
Wedding in Epidemic शादी में 100 लोग हो सकेंगे शामिल लेकिन खतरा नहीं हुआ कम। प्लास्टिक की चम्मच ग्लास का दावत में करें इस्तेमाल गर्म पदार्थ रखें ज्यादा। शादी समारोह में दूल्हा दुल्हन से ज्यादा उनके बुजुर्ग माता पिता को कोरोना संक्रमित होने का खतरा अधिक है।
आगरा, जागरण संवाददाता। शादी मतलब मस्ती, एक दूसरे से मिलना, घर परिवार से लेकर दुनियां भर की बातें करना। गरमा गर्म गुलाब जामुन के साथ आइसक्रीम का आनंद लेना, हाई पिच म्यूजिक पर डांस करना। यह कोरोना संक्रमण से पहले था। अब शादी समारोह के लिए 100 लोगों की संख्या सीमित कर दी गई है। मगर, खतरा कम नहीं हुआ है। शादी समारोह में दूल्हा दुल्हन से ज्यादा उनके बुजुर्ग माता पिता को कोरोना संक्रमित होने का खतरा अधिक है। शादी में दूल्हा दुल्हन के माता पिता से लोग मिलते हैं। ऐसे में मास्क नहीं पहना, शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया तो संक्रमित हो सकते हैं।
25 नवंबर को सबसे अधिक शादी हैं। कई महीने बाद हो रही शादी की तैयारी चल रही हैं। ऐसे में कोनोना संक्रमण के बेकाबू होने और एक के बाद एक कोरोना की चेन बनने पर प्रशासन ने सख्ती की है। शादी में 100 लोगों की संख्या सीमित की गई है। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा मनीष बंसल ने बताया कि कोरोना वायरस मुंह और नाक से निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों से फैलता है। इस समय कोरोना संक्रमित मामूली लक्षण वाले मरीजों की संख्या अधिक है।
ऐसे में शादी समारोह में 100 लोग शामिल होते हैं। इसमें से अधिकांश दूल्हा और दुल्हन के माता पिता से मिलते हैं। वे मास्क नहीं पहनते हैं, देर तक बातें करते हैं। शारीरिक दूरी का पालन नहीं करते हैं तो उनके संक्रमित होने का खतरा है। शादी में दूल्हा दुल्हन से ज्यादा उनके माता पिता और घर के बुजुर्गों के संक्रमित होने की आशंका अधिक है। इससे बचने के लिए परिवार के सभी सदस्य मास्क पहनें, हाथ ना मिलाएं और शारीरिक दूरी का पालन करें। दावत में प्लास्टिक की चम्मच ग्लास के साथ ही गर्म पेय पदार्थ ज्यादा रखें। आइसक्रीम सहित ठंडे पेय पदार्थ दावत में ना रखें तो अच्छा है।
बुजुर्ग माता पिता को समारोह से दूर रखे
आप भी किसी शादी में जा रहे हैं तो अपने बुजुर्ग माता पिता को ना ले जाएं तो अच्छा है। 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, जिन्हें मधुमेह, ह्रदय रोग सहित अन्य बीमारियां हैं उनके संक्रमित होने का खतरा अधिक है।