Indian Railway: ट्रेनों में यात्रियों को मिलेगा गर्मागर्म खाना, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर भी
Indian Railway पेंट्रीकार सुविधा बहाल ताजनगरी से ऐसी गुजरती हैं लगभग 60 ट्रेनें। पेंट्रीकार सेवा शुरू होने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्टेशनों पर भी यह सुविधा मिलेगी। आगरा कैंट स्टेशन पर फूड प्लाजा भी शुरू करने की तैयारी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब यात्रा के दौरान वह गर्मागर्म खाने का आनंद ले सकेंगे। आईआरसीटीसी के माध्यम से यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक यात्रियों को पैक्ड फूड ही मिल पा रहा था। पेंट्रीकार सुविधा शुरू करने के संबंध में रेलवे मंत्रालय की ओर से आगरा रेल मंडल को निर्देश प्राप्त हो गए हैं।
कोरोना महामारी के चलते ट्रेनों में पेंट्रीकार की सुविधा बंद कर दी गई थी। यात्रियों को सिर्फ पैक्ड फूड ही उपलब्ध कराया जा रहा था। मगर, कोरोना को लेकर स्थिति लगभग सामान्य होती जा रही है। ऐसे में रेलवे भी अपनी सुविधाएं बहाल करता जा रहा है। कोरोना काल में बंद हुईं अधिकांश ट्रेनों का संचालन होने लगा है। अब लंबी दूरी वाली ट्रेनों में पेंट्रीकार की सुविधा भी बहाल कर दी गई है। इनमें अब खाना पक सकेगा। अब तक पैकिंग वाला भोजन ही परोसा जा रहा था। शहर से लगभग प्रतिदिन ऐसी 60 ट्रेनें गुजरती हैं। सैकड़ों यात्री यहां से सफर करते हैं।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पेंट्रीकार सेवा शुरू होने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्टेशनों पर भी यह सुविधा मिलेगी। आगरा कैंट स्टेशन पर फूड प्लाजा भी शुरू करने की तैयारी है। इन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए युवाओं की जरूरत होगी। लंबी दूरी की ट्रेनों में पेंट्रीकार सुविधा शुरू की जा रही है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से दिशा-निर्देश प्राप्त हो गए हैं।एसके श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी, आगरा रेल मंडल