Missing Youth: आगरा में मार्कशीट लेने आया पलवल का छात्र लापता, कालेज के सीसीटीवी फुटेज में दिखा चेहरा
पलवल के बहीन गांव निवासी 24 वर्षीय कृष्ण ने कालिंदी विहार स्थित आरबी पीजी कालेज से एमएससी की थी। अब वह हरियाणा से ही बीएड कर चुका है। वह यहां 12 दिन पहलेे आया था तब से ही उसका कोई सुराग नहीं है।
आगरा, जागरण संवाददाता। पलवल के बहीन गांव से आगरा आया छात्र कालिंदी विहार क्षेत्र से लापता हो गया है। उसकी अंतिम लोकेशन एत्माद्दौला क्षेत्र की मिली है, लेकिन 12 दिन में कोई सुराग नहीं मिला है। स्वजन ने बहीन थाने में गुमशुदगी लिखाई है। हरियाणा पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
पलवल के बहीन गांव निवासी 24 वर्षीय कृष्ण ने कालिंदी विहार स्थित आरबी पीजी कालेज से एमएससी की थी। अब वह हरियाणा से ही बीएड कर चुका है। स्वजन ने बताया कि कृष्ण चार अक्टूबर को एमएससी की अंकतालिका लेने के लिए आगरा आया था। दोपहर में स्वजन को काल करके बताया था कि उसे अंकतालिका नहीं मिली है। अब वह वापस आ रहा है। मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो रही है, इसलिए मोबाइल स्विच ऑफ होने वाला है। इसके बाद स्वजन से उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। रात तक घर न पहुंचने पर स्वजन ने उसकी तलाश की। इसके बाद जानकारी हुई कि इसके बाद उन्होंने बहीन थाने में गुमशुदगी लिखाई। हरियाणा पुलिस यहां जांच को आई। आरबीपीजी कालेज के चार अक्टूबर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो वह दिख गया। वह आरबी पीजी कालेज में अंकतालिका लेने पहुंचा था। यहां से निकलता हुआ दिखा है। मगर, यहां से कहां गया? इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है। मोबाइल की अंतिम लोकेशन नगला मोहनलाल में आ रही है। कृष्ण की मां सत्तो ने बताया कि उनके बेटे का आगरा में कोई दोस्त भी नहीं है। इसलिए वह कहीं नहीं जा सकता। स्वजन को अब अनहोनी की आशंका सता रही है।