पर्यटक पड़े अचरज में, नाक से बनाई पेंटिंग, जानिए क्या अनूठा हुआ ताज के साये तले Agra News
गुवाहाटी से आए सिरुमोनी ने बनाई पेंटिंग। पर्यटकों ने देखकर बढ़ाया उत्साह।
आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल पर मंगलवार को मिशन सेव राइनो का संदेश अनूठे ढंग से दिया गया। गुवाहाटी से आए सिरुमोनी डोले ने नाक से पेंटिंग बनाई। पेंटिंग को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के अधिकारियों को सौंपा गया।
असोम के गुवाहाटी से पी5 एनजीओ के सदस्य सिरुमोनी डोले और पापोटि टेरा मिशन सेव राइनो का संदेश देने को देश भ्रमण पर निकले हुए हैं। ताजमहल पहुंचने पर पूर्वी गेट और दशहरा घाट पर ताज के साये में सिरुमोनी ने नाक से पेंटिंग बनाई। इसमें उन्होंने विलुप्त होती गैंडों की प्रजाति को बचाने का संदेश दिया। सिरुमोनी को नाक से पेंटिंग बनाते देखकर देसी-विदेशी पर्यटक आश्चर्यचकित नजर आए। उन्होंने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। सिरुमोनी डोले ने बताया कि ताज पर देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। उन्होंने इसे इसीलिए चुना, जिससे कि विलुप्त होते गैंडों को बचाने का संदेश दुनिया के कौने-कौने तक पहुंच सके। वो इससे पूर्व भी कई अन्य शहरों में नाक से पेंटिंग बना चुके हैं। पेंटिंग को उन्होंने ताज के संरक्षण सहायक अंकित नामदेव और कनिष्ठ संरक्षण सहायक ब्रजेश पाल को सौंपा।