पीएसी के सिपाही ने इंसास राइफल से खुद को मारी गोली, पुलिस तलाश रही वजह Agra News
ग्राउंड ड्यूटी पर था सिपाही। गोवर्धन के गांव पाली का रहने वाला था सिपाही।
आगरा, जागरण संवाददाता। पीएसी की 15 वीं बटालियन में सिपाही योगेंद्र शर्मा ने गश्त के दौरान अपनी इंसास रायफल से खुद को गोली मार कर खुदकशी कर ली। सिपाही ग्राउंड ड्यूटी पर था। गुरुवार सुबह उसका शव पीएसी परेड ग्राउंड के पास बाधा दौड़ के लिए बने गड्ढे में मिला। जानकारी होने पर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूचना मिलने पर मृतक सिपाही के स्वजन भी पहुंच गए हैं।
15 वीं बटालियन पीएसी की एफ कंपनी में तैनात योगेश शर्मा (22) पुत्र ओम प्रकाश शर्मा वर्ष 2018 बैच का कांस्टेबल था। वह पाली गांव थाना गोवेर्धन मथुरा का रहने वाला था। असोम में ट्रेनिंग के बाद इस वर्ष फरवरी में यहां तैनात हुआ था। योगेश की बुधवार की रात पीएसी मैदान और क्वार्टर गार्ड के बीच गश्त की ड्यूटी थी। रात एक बजे उसकी शिफ्ट खत्म होनी थी। साथी जवान से रात 12:40 बजे वह टॉयलेट जाने की कहकर गया था। रात एक बजे जब ड्यूटी बदलने नहींं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार सुबह जवान योगेश का शव गढ्ढे में मिला। उसने अपनी ठोड़ी पर राइफल लगाकर गोली मारी थी। गोली सिर के पार हो गई थी। जवान के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपना और पिता का नाम लिखा है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
सूचना पर मृतक जवान योगेश के परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैैं। छोटे भाई विक्रम ने बताया कि रात आठ बजे योगेश ने मांं शीला को फोन किया था। तब 15 मिनट की काॅॅल में मां के साथ विक्रम से भी योगेश ने बात की थी। सामान्य बातचीत हुई थी। तीन भाई हैं। बड़ा भाई राजेश सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। छोटा भाई विक्रम बीसीए कर रहा है।