Oxygen Supply in Agra: आगरा में ऑक्सीजन प्लांट अब कर रहे पूरा काम, छंटने लगी है भीड़
सिकंदरा में एडवांस और नाऊ की सराय पर स्थित अग्रवाल गैस प्लांट पर सेना की तकनीकी टीम की गई है तैनात। कोई खराबी आने पर टीम उसे दुरुस्त कर रही है। जिलाधिकारी पीएन सिंह ने शुक्रवार सुबह किया प्लांटों का निरीक्षण। एक टैंकर ऑक्सीजन रांची से और आने वाली है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में ऑक्सीजन की किल्लत अब दूर होने को है। शहर के दो बड़े ऑक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने शुक्रवार सुबह शास्त्रीपुरम औद्योगिक रोड स्थित एडवांस गैस प्लांट और टेडी बगिया स्थित अग्रवाल ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। यह दोनों ही प्लांट हवा से ऑक्सीजन बनाते हैं। पहले प्लांट की क्षमता 850 सिलेंडर प्रतिदिन और दूसरे प्लांट की क्षमता 1350 सिलेंडर प्रतिदिन की है। दोनों ही प्लांट 24 घंटे चलते हैं। प्लांटो में किसी तरीके की खराबी को दूर करने के लिए सेना के इंजीनियरिंग कोर की टीम ने डेरा डाल रखा है। जैसे ही किसी कमी की शिकायत मिलती है, टीम मरम्मत कार्य पर जुट जाती है। निरीक्षण के दौरान दोनों ही प्लांट में ऑक्सीजन लेने के लिए लोगों की भीड़ थी। डीएम ने बताया कि वेंडरों आम जनता दोनों ही प्लांट से ऑक्सीजन ले सकते हैं।
एटा सहित अन्य जिलों को हर दिन हो रही है सप्लाई
आगरा से ऑक्सीजन की सप्लाई एटा, हाथरस सहित अन्य जिलों को हो रही है। यहांं 50 सिलेंडर से लेकर 100 सिलेंडर तक है। जरूरत पड़ने पर अलीगढ़ को भी आगरा से ऑक्सीजन दी जा रही है।
हर दिन विशेष विमान से भेजे जा रहे हैं टैंकर
गुजरात में जामनगर और झारखंड में रांची सहित अन्य शहरों से लिक्विड ऑक्सीजन लाने के लिए आगरा से हर दिन विशेष विमान भेजे जा रहे हैं। हर विमान में दो टैंकर होते हैं, इन टैंकरों की क्षमता 14 से 18 टन तक होती है।