Oxygen in Agra: 48 घंटे के भीतर चालू होगा आगरा में ऑक्सीजन प्लांट, देर रात ट्रायल का कार्य पूरा
टेडी बगिया में लगा है नया प्लांट। इसमें एयर से तैयार होगी ऑक्सीजन। आगरा को हर दिन 1500 से 1600 के आसपास मिलेंगे सिलिंडर। आगरा के अस्पतालों को हर दिन 37.5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है। वर्तमान में इससे कहीं कम सप्लाई हो रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में ऑक्सीजन की किल्लत को देखते हुए जिला प्रशासन जल्द से जल्द ऑक्सीजन का नया प्लांट चालू कराने जा रहा है। गुरुवार देर रात टेढ़ी बगिया स्थित अग्रवाल ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल किया गया। कई घंटे तक चले ट्रायल में प्लांट पूरी तरह से सफल रहा। 48 घंटे के भीतर प्लांट चालू हो जाएगा। इससे हर दिन 1500 से 1600 ऑक्सीजन सिलिंडर मिलेंंगे।
आगरा के अस्पतालों को हर दिन 37.5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है। वर्तमान में इससे कहीं कम सप्लाई हो रही है। जिसके चलते सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। ऑक्सीजन तेजी से कम होने पर अस्पताल मरीजों को भर्ती करने और भर्ती होने वाले मरीजों को अन्य अस्पताल ले जाने का नोटिस चस्पा कर देते हैं। खंदौली क्षेत्र में बने ऑक्सीजन प्लांट से शहर के विभिन्न अस्पतालों को आपूर्ति शुरू हो गई है, जबकि अब जिला प्रशासन की नए ऑक्सीजन प्लांट पर निगाहें टिकी हैं। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि 48 घंटे के भीतर ने प्लांट से गैस का उत्पादन शुरू हो जाएगा। गुरुवार देर रात ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा है।