Waste Management: ताजनगरी के गांव भी चमकेंगे, कूड़ा प्रबंधन को लेकर तैयार की जा रही रूपरेखा
Waste Management आगरा में 15 ब्लाक और 690 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी में स्वच्छता अभियान चल रहा है। गांवों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए नगर निगम की तर्ज पर वाहन खरीदे जाएंगे। पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों में से ही इन वाहनों के ड्राइवर तलाशे जाएंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के ग्रामीण क्षेत्र को भी चमकाने की कवायद शुरू हुई है। मुख्य मार्गों के किनारे से कूड़ा उठाने के अभियान के बाद कूड़ा प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है। योजना तैयार की जा रही है कि जगह-जगह कूड़े के ढेर न दिखाई दें। इसके लिए न्याय पंचायत स्तर पर एक स्थान चिह्नित किया जाएगा। जहां पर कूड़े को एकत्रित किया जाएगा। यहां कूड़े के निस्तारण को लेकर प्रबंध किया जाएगा। इतना ही नहीं, गांवों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए वाहनों का भी प्रबंध किया जाएगा।
आगरा शहर के साथ साथ ग्रामीक्ष क्षेत्र को भी स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत संवारे जाने के प्रयास शुरू कर दिये गए हैं। गांव की तस्वीर को स्वच्छ करने के लिए प्रशासनिक स्तर से कवायद शुरू कर दी गइ है। इसमें ग्रामीण भी बढ़चढ़ कर सहयोग कर रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकंडन ने बताया कि गांवों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए नगर निगम की तर्ज पर वाहन खरीदे जाएंगे। पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों में से ही इन वाहनों के ड्राइवर तलाशे जाएंगे। इनका काम गांव-गांव जाकर कूड़ा एकत्रित कर किसी एक स्थान पर डालना होगा। जिससे कि गांवों में कूड़े के ढेर न लगें। इसके साथ ही गांवों के मुख्य मार्गों के किनारे से कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय और राज्य मार्गों के किनारे से भी कूड़ा उठाया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि ग्रामीण क्षेत्र से गुजरने वाले मुख्य मार्ग स्वच्छ हों। जब कोई इन मार्गों से गुजरे तो वह जिले की स्वच्छ छवि देखे। उच्च अधिकारियों से वार्ता कर कूड़ा निस्तारण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों को भी इसकी जिम्मेदारी दी जा सकती है। बता दें कि आगरा में 15 ब्लाक और 690 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी में स्वच्छता अभियान चल रहा है।