Monument of Agra Unlock: ASI ने तय की पर्यटकों की संख्या, एक दिन में बस इतने ही पर्यटक करेंगे दीदार
Monument of Agra Unlock एक दिन में दो हजार पर्यटक ही कर सकेंगे दीदार। टिकट विंडो नहीं खुलेंगी केवल ऑनलाइन बुकिंग होगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। एक सितंबर से आगरा में ताजमहल और आगरा किला छोड़कर अन्य स्मारक खुलेंगे तो सब कुछ बदला हुअा होगा। एक दिन में अधिकतम दो हजार पर्यटकों को ही एक-एक हजार के दो स्लॉट (सुबह व दोपहर) में स्मारक में प्रवेश दिया जाएगा। स्मारकों पर टिकट विंडो नहीं खुलेंगी और केवल टिकट की ऑनलाइन बुकिंग होगी।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने स्मारकों को खोलने के लिए दो जुलाई को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी की थी। इसमें स्मारकों की कैपिंग (पर्यटकों की अधिकतम संख्या) तय की गई थी। ताजमहल के लिए यह पांच हजार (2500-2500), आगरा किला के लिए 2500 (1200-1300) और फतेहपुर सीकरी व अन्य स्मारकों के लिए 2000 (1000-1000) तय है। एक सितंबर को स्मारक खुलेंगे तो इसका पालन किया जाएगा।
इन नियमों का होगा पालन
-केवल ई-टिकट से स्मारकों में प्रवेश मिलेगा। पार्किंग समेत सभी भुगतान डिजिटल पेमेंट से होंगे।
-शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। पर्यटकों को मास्क और फेस कवर लगाना अनिवार्य होगा।
-स्मारक के रजिस्टर में प्रत्येक पर्यटक का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा।
-स्मारकों में प्रवेश से पूर्व पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। बिना लक्षण वाले पर्यटक ही प्रवेश पा सकेंगे।
-स्मारकों में प्रवेश, निकास और परिसर में भ्रमण को निर्धारित रूट बनाया जाएगा। यह रूट वनवे होगा।
-एएसआइ किसी भी स्मारक के अांतरिक भाग में प्रवेश रोक सकेगा।
-पर्यटकों को स्मारक में निर्धारित समय सीमा का पालन करना हाेगा।
-स्मारक में ग्रुप फोटोग्राफी की अनुमति नहीं होगी।
-अग्रिम आदेश तक स्मारक में साउंड एंड लाइट शो नहीं होंगे।
-वैध लाइसेंस धारक गाइड और फोटोग्राफर स्मारकों में काम कर सकेंगे।
-स्मारक में खाने का सामान नहीं ले जाया जा सकेगा।
स्मारकों को खाेला जाना शुभ संकेत है। ताजमहल आैर आगरा किला को खोलने की तिथि निर्धारित की जानी चाहिए, जिससे पर्यटक अपने घूमने आने का कार्यक्रम तय कर सकें। ट्रेन व फ्लाइट भी शीघ्र शुरू की जाएं।
-राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष टूरिज्म गिल्ड अॉफ आगरा
आगरा का पर्यटन उद्योग ताजमहल के सहारे चलता है। ताजमहल खुलेगा तभी पर्यटक यहां आएंगे और अन्य स्मारक जाएंगे। जिला प्रशासन को ताजमहल व आगरा किला को खोलने की अनुमति भी शीघ्र देनी चाहिए।
-सुमित उपाध्याय, टूर ऑपरेटर