Traffic Diversion: यमुना किनारा रोड पर जीवनी मंडी से आंबेडकर पुल तक होगा वन वे ट्रैफिक
Traffic Diversion आगरा किला की ओर से आने वाले हल्के वाहन बेलनगंज तिकोनिया होकर जाएंगे जीवनी मंडी। गंगाजल की पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए तैयार किया गया डायवर्जन प्लान जल्द हो सकता है लागू। बढ़ सकती है शहर के लोगों की परेशानी।
आगरा, जागरण संवाददाता। यमुना किनारा रोड पर कुछ दिनों के लिए मुश्किल का सफर हो सकता है। गंगाजल की पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य शुरू होना है। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है। जल्द ही यह लागू किया जा सकता है। इसके बाद यहां कार्य शुरू हो जाएगा।
यमुना किनारा रोड पर पूर्व में वाटरवर्क्स से जीवनी मंडी पुलिस चौकी तक पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य किया गया था। इसके चलते इस बीच का ट्रैफिक पूरी तरह बंद कर दिया गया था। अब जीवनी मंडी पुलिस चौकी से आंबेडकर पुल तक पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य किया जाएगा। रोड की एक लेन में कार्य होगा। इसको देखते हुए दूसरी लेन को खाली रखा जाएगा। जीवनी मंडी से आंबेडकर पुल की ओर जाने वाले वाहन दाहिनी लेन से होकर गुजारे जाएंगे। आगरा किला की ओर से वाटरवर्क्स की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को सीओ छत्ता कार्यालय के सामने से बेलनगंज तिकोनिया होकर जीवनी मंडी पुलिस चौकी तक पहुंचाया जाएगा। इस रूट पर केवल बाइक, टेंपो और कार ही जा सकेंगे। भारी वाहनों को आंबेडकर पुल से रामबाग की ओर निकाल दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन के लिए पूरी तैयारी कर ली है। जल्द ही यह डायवर्जन प्लान लागू हो सकता है। कार्य पूरा होने तक इस रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था इसी तरह रहेगी।