CAA 2019: फीरोजाबाद उपद्रव में घायल एक और युवक की मौत, बढ़ी चौकसी Agra News
अपोलो अस्पताल से दस जनवरी को हुए थे डिस्चार्ज घर पर मौत। सुरक्षा के बीच डॉक्टरों के पैनल से कराया पोस्टमार्टम हुई वीडियोग्राफी।
आगरा, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ 20 दिसंबर को शहर में हुए उपद्रव के दौरान गोली लगने से घायल हुए 26 वर्षीय मुहम्मद अबरार हुसैन पुत्र ऐजाज उर्फ पप्पू निवासी मशरूरगंज की भी रविवार देर रात उनके घर पर मौत हो गई। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ऑपरेशन के बाद उन्हें 10 जनवरी को डिस्चार्ज कर दिया गया था। रविवार शाम उनकी हालत बिगड़ गई। सोमवार सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंची रसूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम घर भिजवाया। उपद्रव के दौरान घायल हुए कुल सात लोगों की मौत हो चुकी है।
पिता ऐजाज ने बताया कि बेलदारी का काम करने वाले मुहम्मद अबरार 20 दिसंबर को घंटाघर चौराहे से आसफाबाद क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे। शाम लगभग 4.45 बजे वह पैदल घर लौट रहे थे, इस बीच नैनी ग्लास फैक्ट्री के पास उनकी पीठ और उल्टे हाथ में गोली लग गई थी। आनन-फानन में उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर से आगरा रेफर कर दिया गया था। आगरा से घायल को दिल्ली रेफर कर दिया गया था। पिता ऐजाज और भाई अब्दुल मुत्तलीब ने बताया कि अपोलो अस्पताल में उनका 28 दिसंबर को ऑपरेशन हुआ था। हालत में सुधार के बाद आठ जनवरी को टॉका काटने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। रविवार शाम को अबरार की हालत बिगड़ गई, स्थानीय निजी डॉक्टर से इलाज कराया, इस बीच रात लगभग 11 बजे उनकी घर पर मौत हो गई। सुबह नौ बजे रसूलपुर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी पाकर सपा के नगर अध्यक्ष राजू जर्रार और वरिष्ठ नेता हिकमतउल्ला व समाजसेवी मुहम्मद कदिर समेत काफी संख्या में लोग उनके घर पर पहुंच गए। डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम और इसकी वीडियोग्राफी कराई गई। देर शाम शव को सुपुर्देखाक कर दिया गया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
पत्नी है दिव्यांग, गरीब है परिवार
पांच भाइयों में दूसरे नंबर के मुहम्मद अबरार हुसैन की पत्नी फरहाना बेगम एक पैर से दिव्यांग हैं। इनके पिता और सभी भाई भी मजदूरी करते हैं। पत्नी की दिव्यांगता और परिवार की आर्थिक हालत खराब होने से वह परेशान रहते हैं। वह छह वर्षीय एक मात्र पुत्र मुहम्मद युसूफ के पिता थे।
अब तक सात लोगोंं को हो चुकी है मौत
उपद्रव के दौरान घायल हुए लोगों में से अब तक हारून निवासी नगला मुल्ला, शफीक मशरूरगंज, राशिद कश्मीरी गेट, नवीजान रसूलपुर क्षेत्र, अरमान दुर्गेश नगर, मुकीम बीपीएल मैदान के पास और मुहम्मद अबरार हुसैन निवासी मशरूरगंज की मौत हो चुकी है।
शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, इसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। मृतक युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा लिख लिया गया है।
प्रबल प्रताप सिंह, एसपी सिटी