Agra Smart City Project: दूसरे कार्यों को स्मार्ट सिटी में जोड़ दिखा रहे अधिकारी
Agra Smart City Project मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर भड़के सांसद। वैक्यूम सीवरेज के मेनहाल का ढक्कन था टूटा बाेले हादसे का कौन होगा जिम्मेदार। अधिकतर स्थानों पर सीमेंट का निर्धारित मानकों के अनुसार प्रयोग नहीं हो रहा था।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा स्मार्ट सिटी के कार्यो में सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बड़े खेल का आरोप लगाया है। ताजगंज क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे सांसद ने ताजमहल पश्चिमी गेट के आस-पास हुए कार्य को स्मार्ट सिटी में सम्मिलित कर दिखाया जाता है। वर्क रिपोर्ट में इसकी प्रस्तुति होती है, जबकि ये कार्य दूसरे मदों से हुआ है। इसके साथ सांसद ने कार्यो की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने पर अधिकारियों से इसके लिए नाराजगी जताई और उचित प्लेटफार्म पर शिकायत करने की बात कही।
सांसद प्रो. बघेल ने स्मार्ट सिटी के अधिकारी पीके गुप्ता, आनंद मैनन के साथ स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे नाले, सीवरेज, फुटपाथ, सड़क आदि का निरीक्षण किया। अधिकतर स्थानों पर सीमेंट का निर्धारित मानकों के अनुसार प्रयोग नहीं हो रहा था। वैक्यूम सीवरेज के मेनहाल का ढक्कन टूटा था, जिस पर सांसद विफर गए। उन्होंने कहा कि अगर कोई बच्चा इसमें गिर गया, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। उन्होंने साइनेज के आस-पास गंदगी पर भी नाराजगी जताई और प्रापर स्थानों पर नहीं होने की बात कही। स्मार्ट सिटी एडवाइजरी कमेटी के सदस्य दिगंबर सिंह धाकरे ने ताजगंज क्षेत्र की गलियों की स्थिति पर अधिकारियों से सवाल खड़े किए। सड़कों पर गंदगी के अंबार थे और जगह-जगह गहरे गड्ढे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ताजमहल और उसके आस-पास के क्षेत्र में पर्यटकों की आवजाही रहती है। वे हमारे देश की क्या छवि लेकर जाएंगे। साथ ही दयनीय स्थिति होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है।