गोवर्धन में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, जानिये प्रशासन ने क्यों लिया बड़ा फैसला
स्थानीय आईडी से प्रवेश कर सकेंगे गोवर्धन के वाहन। परिक्रमा के संपर्क मार्गों पर अस्थाई बैरियर लगाए।
आगरा, जेएनएन: गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। सभी संपर्क मार्गों पर बैरियर लगा दिए गए हैं। पार्किंग स्थलों को सुचारू किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश के स्टैंडिंग काउंसिल सहित प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण कर पूरी योजना तैयार की है।
शनिवार को उप्र के स्टैंडिंग काउंसिल अमित तिवारी गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने एसडीएम नागेंद्र सिंह, सीओ विनय सिंह चौहान, वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी डीपी सिंह, एमवीडीए और पीडब्लूडी के अधिकारियों सहित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इसके लिए मथुरा मार्ग के वाहनों के लिए बस स्टैंड पर भी पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। यहां छोटे वाहनों के लिए पार्किंग बनाई गई है। बड़े वाहनों को बाईपास से सौंख मार्ग पर बने पार्किंग स्थल पर भेजा जाएगा। डीग मार्ग और बरसाना मार्ग के पार्किंग स्थलों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। सीओ विनय चौहान ने बताया कि स्थानीय वाहन आईडी दिखाकर प्रवेश कर सकते हैं। एसडीएम ने कहा कि संपर्क मार्गों पर अस्थाई बैरियर लगा दिए हैं, इन्हें भी स्थाई किया जाएगा।