बनवाना चाहते हैं आधार तो न हों परेशान, अब हो रहा है फटाफट काम Agra News
आधार सेवा केंद्र पर एक ही दिन में बनाए गए 1044 आधार कार्ड। प्रतिदिन एक हजार कार्ड बनाने की है क्षमता।
आगरा, जागरण संवाददाता। यदि अपना या बच्चों का आधार कार्ड बनवाना है और लंबी लाइन में लगने की चिंता में ये काम टालते जा रहे हैं तो अब परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। लाइन जरूर लंबी है लेकिन काम फटाफट हो रहा है। संजय प्लेस स्थित आधार सेवा केंद्र में सोमवार को सबसे ज्यादा आधार कार्ड बनाए गए। एक दिन में 1044 आधार कार्ड बनाए गए। यह आंकड़ा यूपी के आधार सेवा केंद्रों में भी सबसे ज्यादा है। पांच माह में आगरा में 75 हजार आधार कार्ड बन चुके हैं।
संजय प्लेस स्थित आधार सेवा केंद्र में एक दिन में अधिकतम नए आधार और संशोधन की संख्या 850 तक सीमित थी। आधार सेवा केंद्र की एक दिन की क्षमता एक हजार कार्ड बनाने की है। सेवा केंद्र प्रबंधक विजय सैनी ने बताया कि सोमवार को आम दिनों की तरह करीब साढ़े आठ सौ लोगों के आधार के लिए रजिस्ट्रेशन थे। मगर, शाम के समय एक एनजीओ के सदस्य स्लम एरिया में रहने वाले 190 बच्चों को लेकर आ गए। सबके नए आधार बनने थे। ऐसे में उन्होंने सभी 16 काउंटर को शुरू कराया। 190 बच्चों के आधार बनाने की प्रक्रिया में करीब ढाई घंटा लगा। जब अंत में पूरे दिन का आंकड़ा जुटाया तो वह एक दिन की क्षमता से अधिक था। इसमें 500 नए आधार और 544 में संशोधन हुआ था। उन्होंने बताया यह आंकड़ा अभी तक का सबसे ज्यादा है। लखनऊ में भी इतने आधार कार्ड नहीं बने हैं।
सातों दिन खुलता है सेवा केंद्र
संचालन प्रबंधक ओमवीर सिंह ने बताया कि केंद्र में 16 काउंटर लगाए गए हैं। इसमें सप्ताह के सातों दिन सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक नए आधार बनाने और संशोधन का काम होता है। केंद्र में सभी दस्तावेज लेकर आने वाले लोगों को एक घंटे से अधिक इंतजार नहीं करना पड़ता है।
अब तक 75 हजार ने कराया रजिस्ट्रेशन
आधार सेवा केंद्र को खुले पांच माह हो गए हैं। पांच माह में 70 हजार लोगों ने सुविधा ली है। इसमें 32 हजार लोगों के नए व 43 हजार के आधार में संशोधन का काम किया गया है।
जनता को मिली राहत
आधार सेवा केंद्र खुलने से जनता को राहत मिली है। पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए रात भर टोकन लेने के लिए लाइन में लगना पड़ता था, लेकिन सेवा केंद्र में एक घंटे में आधार बन रहे हैं।