Kisan Andolan: किसानों के बदनाम करने की साजिश कर रहे राष्ट्र विरोधी लोग
Kisan Andolan राष्ट्रीय बजरंग दल ने रासुका की कार्रवाई की उठाई मांग। कलक्ट्रेट पहुंच किया प्रदर्शन सौंपा ज्ञापन। हिंदू कल्याण महासभा ने किसानों के बीच घुस राष्ट्र विरोधी गतिविधि करने वालों पर आक्रोश जताया है। टिप्पणी करने और पोस्टर लहराने वाले लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसान आंदोलन के बीच में घुस असामाजिक तत्वों द्वारा राष्ट्र विराेधी टिप्पणी करने और धार्मिक भावना भड़काने का कार्य कर रहे हैं। इसे किसानों को बदनाम करने की साजिश बता मंगलवार को राष्ट्रीय बजरंग दल ने कलक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया। संगठन पदाधिकारियों ने ज्ञापन साैंप किसानों के बीच छुपे ऐसे लोगों को तलाश कर उन पर रासुका की कार्रवाई करने की मांग की है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के क्षेत्रीय महामंत्री अज्जू चौहान का कहना था कि देश द्रोही मानसिकता से कुछ लोग कार्य कर रहे हैं। ये किसानों को बदनाम करने की साजिश है, जिस पर नकेल कसी जानी चाहिए। आतंकियों के पोस्टर लहराने वालों को चिन्हित कर उन पर रासुका की कार्रवाई की जानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो संगठन धरना, प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। कलक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन करने वालों में अवतार सिंह गिल, अतुल चौहान, कुलवंत सिंह, सुनील यादव, मुकेश चौहान, पारस उपाध्याय, बंटी राठाैर आदि मौजूद थे।
हिंदू कल्याण महासभा ने जताया आक्रोश
हिंदू कल्याण महासभा ने किसानों के बीच घुस राष्ट्र विरोधी गतिविधि करने वालों पर आक्रोश जताया है। संगठन प्रदेशाध्यक्ष मनोज अग्रवाल का कहना है कि प्रशासन को खुद ऐसे लोगों को चिन्हित कर लगाम लगानी चाहिए। ये लोग किसानों के आंदोलन की दिशा बदलना चाहते हैं। अगर टिप्पणी करने और पोस्टर लहराने वाले लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।