फीरोजाबाद में करब हटाने को लेकर दबंगों ने की युवक की गोली मारकर हत्या
एक माह पूर्व गांव के लोगों ने मृतक के खेत की मेड़ पर रखी थी करब। गुरुवार सुबह खेत बोने पर करब हटाने को लेकर हुआ विवाद। सूचना मिलने पर एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
आगरा, जेएनएन। फीरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह खेत की मेड पर रखी करब को हटाने की कहने पर दबंगों ने युवक के सीने में गोली मार दी। स्वजन उसे सरकारी ट्रामा संटर लेकर आए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
भरतपुरा निवासी विनय फौजी पुत्र राजेंद्र ने एक माह पूर्व गांव के ही भूपेंद्र (20) पुत्र राजबहादुर के खेत की मेड पर करब रख दी थी। गुरुवार को भूपेंद्र अपने खेत में गेहूं बोने के लिए पहुंचा। उसने विनय से करब हटाने को कहा। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। जानकारी होने पर दोनों पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। विनय पक्ष के लोग गाली गलौज करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए। विरोध करने पर विनय के भाई संतोष ने तमंचा से भूपेंद्र पर फायर कर दिया। सीने में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
यह देखकर विनय पक्ष के लोग फरार हो गए। स्वजन भूपेंद्र को लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर आए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ टूंडला देवेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपितों के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं लग सका। मृतक के भाई ने विनय, संतोष, दिनेश, अवधेश, जितेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपितों ने तलाश में जुटी है।