मथुरा में भंडारे का प्रसाद लेने गई किशोरी की हत्या, दुष्कर्म की आशंका
चौमुंहा क्षेत्र में एक नवविकसित कालोनी में हुई घटना। शनिवार सुबह प्लॉट में पड़ा मिला है शव। शरीर पर चोटों के निशान हैं। शुक्रवार शाम को घर से निकली थी भागवत कथा के भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने। फोरेंसिक टीम पहुंची मौके पर।
आगरा, जागरण टीम। मथुरा में थाना जैंत क्षेत्र के चौमुंहा के पास नवविकसित एक कालोनी में शनिवार की सुबह किशोरी की हत्या कर फेंका गया शव मिला है। शरीर पर गला दबाने, नाखून के निशान और सिर में चोट के निशान मिले हैं। दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है।
चौमुंहा के पास एक नवविकसित कालोनी निवासी किशोरी शुक्रवार की शाम को भंडारे का प्रसाद लेने की कहकर घर से गई थी। पास में ही हुई भागवत कथा का भंडारा था। देर रात तक किशोरी लौटकर नहीं आई। स्वजन ने उसकी तलाश की, मगर, कोई पता नहीं चल सका। सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर एक खाली प्लाट में किशोरी का शव मिला। किशोरी के गले पर नाखूनों और गला दबाने निशान हैं। किसी भारी वस्तु से सिर में चोट पहुंचाई गई है। सूचना पर एसपी सिटी एमपी सिंह, सीओ सदर प्रवीन मालिक और थाना जैंत प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार योगी घटनास्थल पर पहुंच गए। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि किशोरी की हत्या की गई है। दुष्कर्म की आशंका से भी इंकार नही किया जा सकता।