पिता से रंजिश बनी बेटी के लिए जानलेवा, एटा में खुलेआम चली गोलियां
पिता ने बेटी की हत्या का तीन लोगों पर आरोप लगाया है। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग गए।
आगरा, जेएनएन। एटा के जैथरा क्षेत्र में रंजिश के चलते दो पक्षों में पथराव हो गया। इसके बाद एक पक्ष द्वारा चलाई गई गोली किशोरी के जा लगी और उसकी मौत हो गई। पिता ने बेटी की हत्या का तीन लोगों पर आरोप लगाया है। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग गए।
हत्या का यह मामला ग्राम सपरीन का है। यहां के निवासी मोहर सिंह और वीरेंद्र के पक्षों में रविवार रात 10 बजे कहासुनी के बाद पथराव हो गया। इसके बाद वीरेंद्र पक्ष के लोगों ने फायर कर दिया। जिसमें छत से उतर रही मोहर सिंह की 16 वर्षीय बेटी शिखा को गोली लग गई। खून से लथपथ किशोरी को जब तक परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा पाते, तब तक उसकी मौत हो गई। दो पक्षों में पथराव और किशोरी की गोली मारकर हत्या की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ अलीगंज अजय भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इधर वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दविश भी दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सीओ अलीगंज ने बताया कि मृतका के पिता मोहर सिंह की तहरीर पर हत्या का मामला वीरेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप