Kisan Andolan: केंद्रीय कृषि मंत्री से मिलने जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका, रवाना
Kisan Andolanकेंद्र सरकार ने किसान आंदोलन डेमेज करने की जिम्मेदारी केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री नरें सिंह तोमर को भी दी है। सीएम कार्यालय से फोन आने के बाद पुलिस ने छोड़ा। सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में करेंगे मुलाकात।
आगरा, जागरण संवाददाता। नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों को समझाने में भाजपा जुटी हुई है। आगरा, एटा के ऐसे ही किसानों से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की मुलाकात करने जा रहे 25 किसानों को खंदौली चेक पोस्ट पर राेक लिया गया। दिल्ली में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को सभी की मुलाकात केंद्रीय मंत्री से करानी थी। सीएम कार्यालय से फोन आने के बाद किसानों को आगे भेजा गया।
कृषि कानून को रद कराने की मांग पर अड़े किसानों से वार्ता कर उन्हें बारीकियां समझाने और समाधान निकालने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सकारात्मक रुख दिखाने वाले 25 किसान दिल्ली जा रहे थे। पहले से दिल्ली पहुंच चुके सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में सभी किसानों को केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात करनी थी। किसानों को दोपहर दो बजे खंदाैली चेक पोस्ट पर रोक लिया गया, जिसके बाद सांसद चाहर ने एसएसपी बबलू कुमार, आइजी ए सतीश गणेश, एडीजी अजय आनंद से की बात की, लेकिन तीनों का कहना था कि शासन से निर्देश मिलने के बाद ही किसानों को आगे भेजा जा सकता है। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और मुख्यमंत्री कार्यालय से आइजी के पास फोन आया और किसानों को आगे जाने देने को कहा गया। इसके बाद किसान रवाना हुए।