एटा के सांसद राजवीर सिंह का बड़ा बयान, बोले एससी-एसटी एक्ट गलत नहीं
कासगंज में प्रेसवार्ता को कर रहे थे संबोधित। राम मंदिर निर्माण को बताया मुख्यमंत्री स्तर का मामला।
आगरा(जेएनएन): देश भर में एससी एसटी एक्ट के विरोध की आग जल रही है। सवर्ण आक्रोशित हैं और सरकार के खिलाफ आंदोलन चला रहे हैं। ऐसे में सवर्णो के गुस्से को और हवा देते हुए एटा के सांसद ने बड़ा बयान दे दिया है।
बुधवार को कासगंज आये एटा के सांसद राजवीर सिंह उर्फ रज्जू भैया ने कहा कि केंद्र सरकार ने एससी एसटी एक्ट जो बनाया है। वह बिल्कुल सही है। इससे अपराध पर नियंत्रण लगेगा और दलितों का उत्पीड़न रुकेगा। दलित सदैव से ही शोषण का शिकार होते रहे हैं। भविष्य में उनके प्रति होने वाले अपराधों पर अंकुश लग सकेगा।
कासगंज में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राजवीर ¨सह ने राम मंदिर पर भी बड़ा बयान दिया। हालांकि बयान देते वक्त वे संभवत: भूल गए कि उनके पिता राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह राम मंदिर के सबसे बड़े पक्षधर रहे हैं। सांसद ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर कब बनेगा यह तो मुख्यमंत्री ही जाने। पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मामला मुख्यमंत्री के स्तर का है। वह जाने कब और कैसे राम मंदिर बनेगा।
सांसद ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी खूब गिनाई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार मिलकर विकास कर रही हैं। हर वर्ग को लाभांवित किया जा रहा है। तमाम नई योजनाएं लागू की गई हैं। गरीबी को मिटाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा अनुसूचित जाति जनजाति कानून जो बनाया गया है वह केंद्र सरकार ने बहुत सोच समझकर बनाया है। इसका विरोध करना गलत है। यह कानून बिल्कुल सही है।