Monument of Agra Unlock: लॉक डाउन के बाद पहली बार रविवार को अनलॉक हैं ताजनगरी के स्मारक
Monument of Agra Unlockउप्र में साप्ताहिक बंदी के चलते नहीं खुल रहे थे स्मारक। ताजमहल एवं आगरा किला हैं अब भी पर्यटकों के लिए बंद। 21 सिंतबर से खुलेंगे ये भी।
आगरा, जागरण संवाददाता। लॉक डाउन के बाद ताजनगरी में पहली बार रविवार को स्मारक खुले हैं। उप्र में साप्ताहिक बंदी लागू रहने से रविवार को स्मारक नहीं खुल रहे थे। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को रविवार की साप्ताहिक बंदी खत्म कर दी थी।
आगरा में 17 मार्च से बंद चल रहे स्मारक (ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर) जिला प्रशासन की अनुमति के बाद एक सितंबर से खुले थे। पिछले रविवार को उप्र में साप्ताहिक बंदी होने के चलते आगरा में स्मारक नहीं खुल पाए थे। अब साप्ताहिक बंदी खत्म होने से रविवार को स्मारक खुल रहे हैं। इससे वीकेंड टूरिज्म की शुरुआत होगी, जो कि लॉक डाउन के समय से ही बंद चला आ रहा है। लॉक डाउन खत्म होने के बाद अनलॉक में सरकार ने प्रदेश में शनिवार व रविवार की साप्ताहिक बंदी कर दी थी। सितंबर के पहले सप्ताह में शनिवार की साप्ताहिक बंदी खत्म कर दी गई थी। वहीं, शनिवार को आधा दर्जन स्मारकों का दीदार करने 538 पर्यटक पहुंचे।
शनिवार को स्मारकों पर रही स्थिति
स्मारक, पर्यटक
फतेहपुर सीकरी, 102
सिकंदरा, 127
मेहताब बाग 200
एत्माद्दौला, 76
रामबाग, 14
मरियम टॉम्ब, 19
कुल, 538
होटल व रेस्टोरेंट भी खुलेंगे
लॉक डाउन के बाद होटल व रेस्टोरेंट भी रविवार को पहली बार खुलेंगे। अगस्त के दूसरे पखवाड़े में रेस्टोरेंट को मेहमानों को बैठाकर खिलाने की अनुमति दी गई थी, उससे पूर्व वो केवल होम डिलीवरी कर रहे थे।
ताज एवं आगरा किला का दीदार 21 से
लॉकडाउन के बाद आगरा के अभी सिर्फ छह स्मारक खोले जाने की ही अनुमति है। फतेहपुर सीकरी, एत्माद्दौला, सिकंदरा, मेहताब बाग, रामबाग, मरियम टॉम्ब ही अभी खुल रहे हैं। हालांकि 21 सितंबर से ताजमहल एवं आगरा किला के दरवाजे भी पर्यटकों के लिए खाेल दिए जाएंगे। इसके बाद आगरा के पर्यटन व्यवसाय में बढ़ोत्तरी होने की संभावना देखी जा रही है। लेकिन अधिक बूम तभी आएगा जब इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होंगी। इसके बाद ही विदेशी पर्यटक आगरा आ पाएंगे।